Advertisement Carousel

भाजपा की राजनीति वोट बैंक नहीं, अंत्योदय और गरीब कल्याण पर आधारित : कुँवर बासित अली

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने रायपुर में कांग्रेस पर साधा निशाना, बोले- अल्पसंख्यकों को डर दिखाकर वोट लेती रही कांग्रेस; उज्ज्वला, आयुष्मान, आवास और तीन तलाक कानून को बताया समाज के सशक्तीकरण की पहल

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक समाज को केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि देश के विकास और सामाजिक सशक्तीकरण का महत्वपूर्ण भागीदार मानती है। भाजपा की राजनीति वोट बैंक के बजाय अंत्योदय और गरीब कल्याण की भावना पर आधारित है। यह बात भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुँवर बासित अली ने रविवार को रायपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में कही।

उन्होंने कहा कि भाजपा जब ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ की बात करती है, तो उसका आशय देश के सभी 140 करोड़ नागरिकों से होता है। उनके अनुसार, कांग्रेस ने लंबे समय तक तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति के जरिए अल्पसंख्यक समाज को भ्रमित किया और भाजपा का डर दिखाकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की सरकारों ने अल्पसंख्यक समाज के वास्तविक विकास और जरूरतों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया।

सरकारी योजनाओं में अल्पसंख्यक समाज की भागीदारी का दावा

कुँवर बासित अली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार बीते 12 वर्षों से देश के सभी वर्गों के कल्याण के लिए काम कर रही है। उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना और शौचालय निर्माण जैसी योजनाओं का लाभ अल्पसंख्यक समाज को भी मिल रहा है। उन्होंने छत्तीसगढ़ की महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तीकरण के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने तीन तलाक कानून को मुस्लिम महिलाओं के अधिकारों और सम्मान से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताया। साथ ही महिला आरक्षण के मुद्दे पर कहा कि महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व के अधिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भाजपा प्रतिबद्ध है।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के नेता विदेशों में भारत की छवि खराब करने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता का विश्वास भाजपा के साथ है।

टिकट वितरण में सर्वे और योग्यता को आधार बताया

अल्पसंख्यक समाज को राजनीतिक प्रतिनिधित्व दिए जाने से जुड़े सवाल पर बासित अली ने कहा कि भाजपा चुनाव में उम्मीदवारों का चयन व्यापक सर्वे और उनकी क्षमता के आधार पर करती है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के एमएलसी एवं मंत्री दानिश आजाद अंसारी का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा में अल्पसंख्यक समाज के लोगों को भी संगठन और सरकार में जिम्मेदारियां दी जाती हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा केवल नारे नहीं देती, बल्कि अंत्योदय की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास करती है। उनके अनुसार, सरकारी योजनाओं का लाभ आर्थिक रूप से पिछड़े और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना ही गरीब कल्याण की वास्तविक भावना है।

अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं पर जोर : दानिश आजाद अंसारी

पत्रकार वार्ता में उत्तर प्रदेश के एमएलसी एवं मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं में अल्पसंख्यक समाज की भागीदारी बढ़ी है। पहले अल्पसंख्यक समाज के लिए सीमित योजनाओं का लाभ मिलता था, लेकिन अब आयुष्मान भारत, राशन, प्रधानमंत्री आवास सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ इस वर्ग तक पहुंच रहा है।

उन्होंने प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए बताया कि 25 प्रतिशत से अधिक अल्पसंख्यक आबादी वाले क्षेत्रों में स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और स्टेडियम जैसी बुनियादी सुविधाओं के विकास पर काम किया गया है।

अंसारी ने कहा कि अल्पसंख्यक समाज के युवाओं को शिक्षा और रोजगार से जोड़ने तथा मुस्लिम महिलाओं के कौशल विकास और सामाजिक सशक्तीकरण के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार ने इस समाज की आवश्यकताओं को समझते हुए उन्हें गंभीरता से संबोधित करने की दिशा में काम किया है।

कई प्रमुख पदाधिकारी रहे मौजूद

पत्रकार वार्ता में वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज, छत्तीसगढ़ हज कमेटी के अध्यक्ष एजाज मिर्जा, प्रभारी मोहम्मद सद्दाम, मोर्चा के प्रदेश प्रभारी मनोज जैन, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मखमूर खान, प्रदेश महामंत्री साजेन, जावेद रब्बानी और मीडिया प्रभारी सचिन मसीह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!