00 डॉक्टरों को दिए सर्वश्रेष्ठ इलाज के निर्देश
00 मृतकों के परिवारों को पच्चीस-पच्चीस हजार रूपए की तात्कालिक मदद की घोषणा
00 घायलों को रायपुर लाने मुख्यमंत्री ने भारतीय वायु सेना के
00 हेलीकॉप्टर में भिजवाया सी.आर.पी.एफ. के जवानों को
00 जिला प्रशासन, वायु सेना और सीआरपीएफ की तत्परता की प्रशंसा
रायपुर / मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज सवेरे राजधानी रायपुर के अम्बेडकर अस्पताल पहुंच कर बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के बस हादसे में घायल यात्रियों से मुलाकात की। डॉ. रमन सिंह ने डॉक्टरों से सभी घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनका सर्वश्रेष्ठ इलाज करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक घायल के पास जाकर न सिर्फ उनका हालचाल पूछा बल्कि स्वयं एक डॉक्टर होने के नाते उन्होंने कई घायलों की नब्ज देखकर उनकी सेहत को भी जांचा।
ज्ञातव्य है कि बीती रात पड़ोसी राज्य झारखंड के गढ़वा से रायपुर आ रही एक निजी कम्पनी की यात्री बस छत्तीसगढ़ के जिला मुख्यालय बलरामपुर के नजदीक पुल से नीचे गिर जाने पर यह दुर्घटना हुई, जिसमें 14 लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गयी और कई यात्री घायल हो गए। डॉ. रमन सिंह ने दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया और मृतकों के परिवारों के प्रति संवदेना प्रकट की। गंभीर घायलों में से तीन की अस्पताल लाते समय मृत्यु हो गयी। मुख्यमंत्री ने सभी मृतकों के परिवारों को पच्चीस-पच्चीस हजार रूपए की तात्कालिक सहायता देने की भी घोषणा की। डॉ. सिंह ने दुर्घटना की जानकारी मिलते ही घायलों को रायपुर लाने के लिए भारतीय वायु सेना के हेलीकॉप्टर में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सी.आर.पी.एफ.) के जवानों को राहत और बचाव कार्य के लिए तत्काल मौके पर भेजने के निर्देश दिए। सीआरपीएफ के जवानों ने हेलीकॉप्टर में आज सवेरे लगभग चार बजे 14 घायलों को लिफ्ट कर सवेरे 5.30 बजे रायपुर पहुंचाया, जहां उन्हें अम्बेडकर अस्पताल में तत्काल भर्ती करवाया गया। इनमें से दुर्भाग्यवश एक घायल की मौत हो गयी। मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने जैसे ही कल देर रात हादसे की जानकारी मिली उन्होंने पड़ोसी राज्य झांरखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास से टेलीफोन पर सम्पर्क कर गढ़वा के घायल यात्रियों के समुचित इलाज का भरोसा दिलाया। अधिकांश घायल झारखंड के हैं।
डॉ. रमन सिंह सवेरे अम्बेडकर अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने घायलों से मिलकर उनकी चिकित्सा व्यवस्था का जायजा लिया। मुख्यमंत्री के साथ सचिव जनसम्पर्क संतोष मिश्रा और कलेक्टर रायपुर ओ.पी.चौधरी भी अस्पताल पहुंचे। डॉ. रमन सिंह ने इस मौके पर घायलों को तुरन्त हेलीकॉप्टर से लिफ्ट कर रायपुर लाने में दिखायी गयी तत्परता और तालमेल के लिए बलरामपुर-रामानुजगंज जिला प्रशासन, भारतीय वायु सेना और केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सी.आर.पी.एफ.) की प्रशंसा भी की। डॉ. सिंह ने यह भी कहा कि दुर्घटना की सूचना मिलते हुए बलरामपुर-रामानुजगंज जिला प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर युद्ध स्तर पर राहत और बचाव के उपाय शुरू कर दिए थे। भारतीय वायु सेना के हेलीकॉप्टर से सी.आर.पी.एफ. के जवानों ने घायलों को लिफ्ट किया।
