Advertisement Carousel

पंच-सरपंच और पार्षद राज्य के विकास के केन्द्र बिन्दु : डॉ. रमन : मुख्यमंत्री ने किया वृत्त चित्र ’हमर छत्तीसगढ़’ के प्रथम प्रदर्शन का शुभारंभ

रायपुर / मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने नया रायपुर स्थित इमर्सिव डोम के 5-डी थियेटर में राज्य की कला संस्कृति तथा विगत लगभग बारह वर्षों की विकास यात्रा पर आधारित वृत्त चित्र (डाक्यूमेन्ट्री फिल्म) ’हमर छत्तीसगढ़’ के प्रथम प्रदर्शन का शुभारंभ किया।

उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल और प्रदेश सरकार के मंत्रियों और कोरिया, बलरामपुर-रामानुजगंज और सूरजपुर जिले के पंच-सरपंचों सहित स्थानीय मीडिया प्रतिनिधियों के साथ इस फिल्म का अवलोकन किया। फिल्म का निर्माण राज्य सरकार के जनसम्पर्क विभाग द्वारा करवाया गया है। मुख्यमंत्री ने लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि पंच-सरपंच और पार्षद वास्तव में विकास का केन्द्र बिन्दु हैं।
2003-Aउल्लेखनीय है कि फिल्म में छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा के विभिन्न पड़ावों और राज्य शासन के जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यक्रमों को रोचक ढंग से प्रदर्शित किया गया है। राज्य की समृद्ध लोक संस्कृति की मनोरम झांकी भी इसमें प्रस्तुत की गई है। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में पंच-सरपंचों, पार्षदों और सभी आगन्तुकों का आत्मीय स्वागत किया। डॉ. रमन सिंह ने उन्हें सम्बोधित करते हुए कहा कि ’हमर छत्तीसगढ़ योजना’ प्रदेश की ग्राम पंचायतों और नगर पंचायतों के लगभग दो लाख जनप्रतिनिधियों को छत्तीसगढ़ के विकास से जोड़ने की योजना है। इस योजना के तहत जनप्रतिनिधियों को राजधानी रायपुर के विभिन्न केन्द्रों का भ्रमण कराके उनमें विकास के प्रति प्रगतिशील दृष्टिकोण विकसित करने और अपने-अपने क्षेत्रों के विकास को लेकर नये उत्साह का संचार करने का प्रयास इस योजना के माध्यम से किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा – जनप्रतिनिधियों को स्वच्छ भारत अभियान से जोड़ने का प्रयास भी हमर छत्तीसगढ़ योजना में किया जा रहा है। जनप्रतिनिधियों को अपने अपने गांवों और शहरों को खुले में शौच से मुक्त करने का संकल्प दिलाया जा रहा है। यदि ये लगभग पौने दो लाख जनप्रतिनिधि अपने गांवों और शहरों को खुले में शौचमुक्त बनाने का संकल्प लेते हैं तो छत्तीसगढ़ को खुले में शौचमुक्त करने का लक्ष्य आसानी से हासिल किया जा सकेगा।
फिल्म के प्रथम प्रदर्शन के अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री अजय चंद्राकर, कृषि और जल संसाधन मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, लोक निर्माण, आवास और पर्यावरण मंत्री राजेश मूणत, गृह, जेल और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री रामसेवक पैकरा, स्कूल शिक्षा और आदिम जाति विकास मंत्री केदार कश्यप, महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती रमशीला साहू, वन मंत्री महेश गागड़ा, श्रम, खेल और युवा कल्याण मंत्री भईयालाल राजवाड़े, संसदीय सचिव श्रीमती चम्पादेवी पावले, विधायक नवीन मारकण्डेय, मुख्य सचिव विवेक ढांड, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव अमन कुमार सिंह, सचिव वाणिज्य और उद्योग सुबोध कुमार सिंह, सचिव जनसम्पर्क, पर्यटन और संस्कृति संतोष मिश्रा, नया रायपुर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रजत कुमार, आयुक्त आदिवासी विकास एवं संचालक जनसम्पर्क राजेश सुकुमार टोप्पो सहित राज्य शासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।
विगत एक जुलाई से प्रारंभ इस योजना के अंतर्गत जनप्रतिनिधियों को नया रायपुर, मंत्रालय, बॉटनिकल गार्डन, पुरखौती मुक्तांगन, साइंस सेंटर और कृषि विश्वविद्यालय, ऊर्जा पार्क, शहीद वीरनारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का भ्रमण कराया जा रहा है।

error: Content is protected !!