00 ग्रामीणों की आड़ लेकर नक्सलियों ने दिया घटना को अंजाम
00 मुख्यमंत्री ने दिल्ली दौरा निरस्त किया : रायपुर आकर वरिष्ठ अधिकारियों की आपात बैठक ली
रायपुर / बस्तर के सुकमा जिले के बुर्कापाल में सोमवार को नक्सलियों ने एक बड़े हमले को अंजाम देते हुए सीआरपीएफ के 26 जवानों को मार डाला। हमले में कई जवान घायल हुए हैं। इनमें से चार की हालत बेहदनाजुक है। हमले के बाद सीआरपीएफ के प्लाटून कमांडर समेत सात जवान लापता बताए जा रहे हैं। मिल रही खबरों के अनुसार शहीद जवानों की संख्या और बढ़ सकती है। क्योंकि, रात हो जाने के कारण शवों की तलाशी पूरी नहीं हो पाई है।
बस्तर के डीआईजी सुंदरराज पी ने बताया कि बुर्कापाल में सीआरपीएफ 74वें बटालियन का बेस कैंप है। बेस कैंप के पास चिंतलनार और दोरनापाल स्टेट हाईवे बन रहा है। उसकी सुरक्षा देने के लिए सुबह छह बजे 90 जवानों की पार्टी रवाना हुई थी। रोड निर्माण के दौरान जब फोर्स दोपहर का भोजन लेने के लिए टिफिन खोले, उसी समय नक्सलियों ने दोपहर करीब साढ़े बारह बजे हमला कर दिया। नक्सलियांं की संख्या 300 से अधिक थी। फोर्स को ज्यादा-से-ज्यादा नुकसान पहुंचाने के लिए माओवादियों ने तीन तरफ से नक्सलियों पर फायरिंग की। इसमें नक्सलियों की महिला विंग की टुकड़ी शामिल थी। एके 47 से लैस महिला नक्सली ज्यादा आक्रमक होकर न केवल जवानों को गालियां बक रही थी बल्कि ताबडतोड़ गोलियां भी चला रही थीं।
मुख्यमंत्री पहुंचे अस्पताल – मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह आज शाम नई दिल्ली से रायपुर लौटते ही सीधे यहां एक प्राईवेट अस्पताल पहुंचे, जहां सुकमा जिले के दोरनापाल इलाके में आज दोपहर नक्सल मुठभेड़ में घायल सीआरपीएफ के बहादुर जवानों को बेहतर इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री ने एक घायल जवान से मुलाकात की। वहां दो घायल जवानों का इलाज ऑपरेशन थिएटर में चल रहा था। डॉ. सिंह ने अस्पताल के डॉक्टरों से घायल जवानों को दी जा रही चिकित्सा सुविधाओं के बारे में भी पूछा। डॉ. सिंह ने उनके जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
फिर फरिश्ता बना MI-17 – इस बार फिर आसमान से फरिश्ता बनकर एयरफोर्स का हेलीकॉप्टर सुकमा के बीहड़ों में उतरा।जीसने न सिर्फ वक़्त रहते 7 जवानों को जंगल से निकाल कर अस्पताल पहुंचाय, बल्कि उनमें से 6 जवानों की जान की हिफाज़त भी की। जैसे ही एयरफोर्स का हेलिकॉप्टर जवानों को लेकर रायपुर पंहुचा तो तत्काल ही एयरफोर्स को एक और सूचना 24 शहीद जवानों को रायपुर लिफ्ट करने को मिला। सूचना मिलते ही एयरफोर्स की फ्लाइट फिर से सुकमा के बुर्कापाल केलिए रवाना हुआ, तब तक अंधेरा घना हो चुका था। लेकिन घने अंधेरे की परवाह कीये बेगैर MI-17 की लैंडिंग हैलीपेड पर कराई गई, बल्कि सभी 24 जवानों के शव को पोस्टमार्टम के लिए रायपुर पहुंचाया गया। इसी तरह एक और रेस्क्यू आपरेशन झारखंड के जगुआर कमांडो के लिए भी एयरफोर्स ने किया और उन्हें इलाज के लिए रांची के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय गृह मंत्री को दी जानकारी – मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज रात यहां अपने निवास कार्यालय से केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह को टेलीफोन पर सुकमा जिले के दोरनापाल इलाके में चिंतागुफा थाना क्षेत्र में हुई नक्सल वारदात की जानकारी दी। केन्द्रीय गृह मंत्री ने इस नक्सल हमले का मुकाबला करते हुए सी.आर.पी.एफ. के 25 जवानों की शहादत पर गहरा दुःख व्यक्त किया और घटना की तीव्र निन्दा की। राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री से घायल जवानों के स्वास्थ्य के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने घायल जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
हमले में शहीद 24 जवानों के नाम –
संजय कुमार
रमेश्वर लाल
सुरेंद्र कुमार
सौरभ कुमार
अभय मिश्रा
बनमाली राम
केके दास
बन्नाराम
एनपी सोनकर
केके पाण्डेय
विनय चंद्र
पी अलगू पंडित
अभय कुमार
एन सेंधिल कुमार
एन थिरुमुरुगन
रंजीत कुमार
केपी सिंह
नरेश यादव
अरुप कर्माकर
आशीष सिंह
मनोज कुमार
नरेश कुमार
रगबीर सिंह
राधामनभम एम
मुख्यमंत्री ने आपात बैठक ली – मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज रात यहां अपने निवास कार्यालय में सुकमा जिले के दोरनापाल क्षेत्र की नक्सल वारदात पर वरिष्ठ अधिकारियों की आपात बैठक लेकर स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ज्ञातव्य है कि मुख्यमंत्री आज नई दिल्ली में थे और वहां से कल 25 अप्रैल को सवेरे रायपुर आने वाले थे, लेकिन दोपहर उन्हें जैसे ही इस घटना की जानकारी मिली, उन्होंने नई दिल्ली का अपना दौरा तत्काल निरस्त कर दिया और शाम की फ्लाईट से रायपुर लौट आए। डॉ. सिंह विमानतल से सीधे राजधानी के एक प्राईवेट अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने इस घटना में घायल सी.आर.पी.एफ. के जवानों से मिलकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और डॉक्टरों को उनका बेहतर से बेहतर इलाज करने के निर्देश दिए।