चिरमिरी / चिरमिरी के महापौर के डोमरु रेड्डी की पहल पर लोक निर्माण विभाग रायपुर के मुख्य अभियंता (योजना) ने सरगुजा परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता को पत्र लिखकर चिरमिरी के गोदरीपारा से दुबछोला होकर विकासखंड मुख्यालय खड़गंवा जाने वाले पी डब्लू डी रोड के दोनों ओर सुरक्षा दीवार बनाने हेतु निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए है ।
ज्ञात हो कि गोदरी पारा से दुबछोला जाने वाली सड़क पहाड़ी पर स्थित है तथा काफी घुमावदार है । इस सड़क के दोनों ओर कोई सुरक्षा दीवार नहीं होने के कारण इस रोड पर हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है जिसे देखते हुए महापौर के डोमरु रेड्डी ने 21 दिसम्बर 2016 को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह को एक पत्र लिखकर इस समस्या से उन्हें अवगत कराते हुए इस सड़क के दोनों ओर सुरक्षा दीवार बनवाने की मांग की थी ।
इसके बाद महापौर के डोमरु रेड्डी ने 25 फरवरी 2017 को बैकुंठपुर में हुए सरगुजा विकास प्राधिकरण की बैठक में फिर से इस मुद्दे को उठाया और मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह से उपरोक्त सड़क के दोनों ओर सुरक्षा दीवार बनाने की मांग की । जिसके बाद मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए पूरे मामले को लोक निर्माण विभाग रायपुर के पास भेजा । पुरे मामले को समझने के बाद लोक निर्माण विभाग रायपुर के मुख्य अभियंता (योजना) ने लोक निर्माण विभाग सरगुजा परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता को पत्र लिखकर उपरोक्त सड़क के दोनों ओर सुरक्षा दीवार बनाने के निर्देश दिए ।
महापौर रेड्डी की पहल पर लोक निर्माण विभाग रायपुर ने दिया गोदरीपारा-दुबछोला रोड में सुरक्षा दीवार बनाने का निर्देश
