कोरिया / काले हीरे की नगरी चिरिमिरी जल्द ही एक नए रंग में रंगा हुआ नजर आएगा।
जी हाँ …. हाल ही में नगर पालिक निगम चिरिमिरी में MIC की महत्वपूर्ण बैठक आहूत की गई, जिसमें सभी सदस्यों द्वारा निर्णय लिया गया कि चिरिमिरी क्षेत्र के प्रत्येक मकानों के बाहरी दीवारों में आसमानी रंग रंगवाया जाए। इसके लिए वह निगम क्षेत्र की जनता से अपील करेगी ताकि चिरिमिरी क्षेत्र को पर्यटन शहर के रूप में एक नए रंग के साथ, एक नई पहचान मिल सके। जिसके लिए निगम महापौर सहित निगम अमला लोगों से अपील करते हुए इस बात के लिए प्रचार – प्रसार भी करना प्रारम्भ कर चुका है।
आपको बता दें कि निगम महापौर के. डोमरू रेड्डी स्वयं भी इस बात की चर्चा स्थानीय कार्यक्रमों में उद्बोधन के समय व लोगों के मुलाकात के दौरान करते आ रहे हैं। चूँकि अभी यह दीपावली का समय है और लोग अपने घरों के रंग – रौगन में लगे हुए हैं, इसलिए भी इस बात की चर्चा जोर-शोर से की जा रही है ताकि उन्हें बाद में अलग से कलर करवाने की दिक्कत न हो।
निगम महापौर डोमरू रेड्डी ने बताया कि अपने घरों के सिर्फ बाहरी दीवारों को आसमानी रंग के कलर में करवाने की यह छोटी सी अपील क्षेत्र की जनता जरूर अपनाएगी। ताकि जिले राज्य व देश मे चिरिमिरी की एक नई पहचान आसमानी सिटी के नाम पर हो सके। जो भविष्य में आज काले हीरे की नगरी के रूप में प्रचलित चिरमिरी को एक पर्यटन शहर के रूप में जाना जा सके।
महापौर ने कहा कि यूँ तो निगम क्षेत्र में पर्यटन के लिहाज से हमारे चिरमिरी में काफी कुछ है घने जंगलों, बिखरे पुरातत्व अवशेष, धर्मिक स्थल जो लोगों को अक्सर लुभाने के कार्य करती है। इसके वावजुद भी आज तक चिरिमिरी को वो पहचान नही मिल सकी है जो कि मिल जानी चाहिए थी। इसलिए निगम महापौर के. डोमरू रेड्डी ने पिंक सिटी जयपुर के तर्ज पर चिरमिरी को आसमानी शहर बनाने के सपने संजोते हुए यह नयाब तरीका निकाला है।
