“नया विधानसभा भवन केवल खूबसूरत इमारत नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपरा का वाहक है” — अरुण साव
रायपुर, 26 अक्टूबर 2025।
उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने आज नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ विधानसभा के नवनिर्मित भवन के लोकार्पण की तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप भी उनके साथ मौजूद थे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आगामी 1 नवम्बर को राज्योत्सव के अवसर पर विधानसभा भवन का लोकार्पण करेंगे और इस दौरान विधायकों व आमंत्रित अतिथियों को संबोधित करेंगे।
निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री साव ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की मूर्ति अनावरण स्थल, सदन और मुख्य मंचीय कार्यक्रम स्थल का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

नवा रायपुर के सेक्टर-19 स्थित 51 एकड़ परिसर में बना यह विधानसभा भवन मंत्रालय (महानदी भवन) और विभागाध्यक्ष कार्यालय (इंद्रावती भवन) के पीछे स्थित है।
श्री साव ने कहा कि 1 नवम्बर का दिन छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक होगा, जब प्रधानमंत्री मोदी राज्य की जनता को नया विधानसभा भवन समर्पित करेंगे। उन्होंने कहा— “नया राज्य बनने के बाद वर्ष 2000 में राजकुमार कॉलेज से शुरू हुई छत्तीसगढ़ विधानसभा को अब रजत जयंती वर्ष में अपना भव्य और आधुनिक भवन मिल रहा है। यह केवल एक इमारत नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है।”

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि नया विधानसभा भवन वर्तमान और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यह आधुनिक, सर्वसुविधायुक्त और तकनीकी रूप से सुसज्जित है।
भविष्य में इसे पेपरलेस विधानसभा के रूप में संचालित करने की दिशा में आवश्यक तकनीकी व्यवस्था भी की गई है।
सदन में 200 सदस्यों के बैठने की व्यवस्था का प्रावधान किया गया है ताकि आने वाले वर्षों की जरूरतों के अनुरूप इसका विस्तार किया जा सके।
