रायपुर में भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा, 10 हजार से अधिक लोग हुए शामिल
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बोले- भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र, संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा के लिए सजग है देश की जनता; कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी रायपुर जिला द्वारा राजधानी के सुभाष स्टेडियम में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा एवं विशाल रैली में 10 हजार से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। भाजपा ने इस आयोजन के माध्यम से कांग्रेस और विपक्षी दलों पर लोकतंत्र, संविधान तथा संवैधानिक संस्थाओं को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। रैली में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव और सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और लोकतंत्र की जननी है। देश के लोकतंत्र की मजबूती की सराहना पूरी दुनिया करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन के नेता सत्ता और प्रधानमंत्री पद की लालसा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करते-करते देश का विरोध करने पर उतर आए हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को कमजोर करने और देश में अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ ही यह पदयात्रा निकाली गई है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव हारने पर विपक्ष कभी ईवीएम तो कभी चुनाव आयोग पर सवाल उठाता है, लेकिन चुनाव जीतने पर वही संस्थाएं उसे सही लगने लगती हैं। उन्होंने इसे कांग्रेस का दोहरा चरित्र बताते हुए कहा कि भाजपा और एनडीए पर वोट चोरी तथा लोकतंत्र की हत्या के आरोप लगाने वाली कांग्रेस का अपना इतिहास भी लोकतांत्रिक मूल्यों के उल्लंघन से जुड़ा रहा है।
साय ने आजादी के बाद प्रधानमंत्री चयन के प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस के 12 नेताओं ने सरदार वल्लभभाई पटेल का समर्थन किया था, जबकि जवाहरलाल नेहरू के पक्ष में कोई नेता नहीं था। इसके बावजूद नेहरू प्रधानमंत्री बने। मुख्यमंत्री ने इस प्रसंग के जरिए कांग्रेस पर सवाल उठाए और कहा कि भाजपा जनता के सामने विपक्ष की कथित अराजक मानसिकता को उजागर करने के लिए प्रदेशभर में पदयात्राएं आयोजित कर रही है।
लोकतंत्र की रक्षा के लिए जनता सजग : किरण देव
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा का अभियान है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक देश में शासन करने वाला दल अब कुछ राज्यों तक सीमित रह गया है। उन्होंने कहा कि भारत की लोकतांत्रिक जड़ें मजबूत हैं और देश की जनता संविधान एवं लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा के लिए सजग है।
भारत को अस्थिर करने की कोशिशें सफल नहीं होंगी : बृजमोहन अग्रवाल
भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि कुछ तत्व विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत को अस्थिर करने का षड्यंत्र रच रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विदेशों में बैठे कुछ समूहों और नेताओं द्वारा भारत को नेपाल और बांग्लादेश बनाने जैसी धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता ऐसी अराजक मानसिकता को कभी स्वीकार नहीं करेगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जनता का व्यापक समर्थन प्राप्त है।
कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
रैली का नेतृत्व रायपुर शहर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर और रायपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्याम नारंग ने किया। इसमें कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा, गुरु खुशवंत साहेब, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, विधायक राजेश मूणत, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी, अनुज शर्मा, इंद्र कुमार साहू और महापौर मीनल चौबे सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं आम नागरिक शामिल हुए।
आयोजकों ने रैली को सफल बताते हुए कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ अभियान के माध्यम से जनता के बीच अपनी बात पहुंचाई जा रही है।

