ताड़ापाला के पास केजी हिल्स क्षेत्र में संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान मिली विस्फोटक सामग्री, माओवादियों ने छिपाकर रखे थे सेल
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। ताड़ापाला के समीप केजी हिल्स के जंगल क्षेत्र से सुरक्षाबलों ने माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए 711 बीजीएल (BGL) सेल बरामद किए हैं। जिला पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 196वीं वाहिनी और 204 कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, विश्वसनीय सूचना के आधार पर संयुक्त सुरक्षा बलों ने थाना उसूर क्षेत्र के अंतर्गत एफओबी ताड़ापाला से लगे जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान ताड़ापाला से लगभग डेढ़ किलोमीटर उत्तर-पश्चिम दिशा में केजी हिल्स के समीप तलाशी के दौरान माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए 711 बीजीएल सेल बरामद हुए।
सुरक्षाबलों ने बरामद विस्फोटक सामग्री को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए विधिवत अपने कब्जे में लिया। इस बरामदगी को माओवादी गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
आम नागरिकों को जंगल और पहाड़ियों में नहीं जाने की सलाह
बीजापुर पुलिस ने आम नागरिकों से कर्रेगुट्टा और आसपास की पहाड़ियों में फिलहाल जाने से परहेज करने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में अभी भी बारूदी सुरंग (IED) अथवा अन्य विस्फोटक सामग्री मौजूद होने की आशंका है। ऐसे में आम लोगों की सुरक्षा को देखते हुए क्षेत्र में प्रवेश नहीं करने की सलाह दी गई है।
पुलिस ने बताया कि आगामी कार्ययोजना के तहत संबंधित क्षेत्र में डी-माइनिंग अभियान चलाकर संभावित बारूदी सुरंगों और विस्फोटक सामग्री को निष्क्रिय किया जाएगा।
