नई दिल्ली / विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावडेकर ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लिखी गई पुस्तक ‘एग्ज़ाम वारियर्स’ का लोकार्पण किया। प्रधानमंत्री द्वारा लिखित पुस्तक छात्रों में परीक्षा के दौरान होने वाले तनाव को कम करने में सहायक होगी। इस मौके पर विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री एक अच्छे संप्रेषक भी है।

जनवरी से नए साल की शुरुआत होती है। नई उमंग-नई उम्मीदों की नई दस्तक। लेकिन इसके अलावा जनवरी के महीने से स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के लिए तनाव का वक़्त भी शुरू हो जाता है। जिसका कारण होता है वार्षिक परीक्षा। आपके और हमारे लिए भले ही ये महज परीक्षा हो लेकिन क्या बच्चे यहां तक कि उनके अभिभावकों के लिए भी यहां सब कुछ दांव पर लगा होता है। मामला जीत-हार से ज्यादा हो जाता है। ये मुश्किल में इन्हीं परीक्षाओं के दौरान होने वाली दिक्कतों का हल लेकर आई है एक खास किताब ‘एग्ज़ाम वारियर्स’ इसकी ख़ासियत है कि इसे खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिखा है।
परीक्षा के दौरान कैसा और क्या माहौल हो इसका मंत्र प्रधानमंत्री मोदी पहले भी दे चुके हैं। उन्होंने तीन स्तर पर स्टूडेंट को तनाव से बचने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ाने के टिप्स दिए हैं। सबसे पहले पीएम मोदी ने विस्तार से बताया है कि किस तरह अंकों के पीछे न भागकर गुणवत्ता की पढ़ाई पर फोकस करें। इसके अलावा योग और दूसरे साधनों से परीक्षा के समय किस तरह खुद को तनाव से दूर करें। तनाव से बाहर आकर ज्यादा नंबर लाने का आसान तरीका भी पीएम मोदी साझा कर चुके हैं।
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावडेकर ने इस पुस्तक का विमोचन किया।
न्यू इंडिया के युवाओं के सपनों को बिना तनाव के पंख लगाने में मददगार ये किताब नरेंद्र मोदी एप पर भी पढ़ी जा सकती है। किताब के बाहरी पेज को बड़े ही दिलचस्प तरीके के साथ डिजाइन किया गया है। कवर पेज पर बच्चों को खेलते हुए दिखाया गया है। देश के भविष्य नौनिहालों के लिए समर्पित ये किताब बेहद कारगर साबित होगी। प्रधानमंत्री मोदी की ये पांचवीं किताब है।
