चायवाला कहा तो 44 सीटें मिलीं, पकौड़े वाले के मजाक के बाद 5 पर में सिमटेगी कांग्रेस – अभिषेक सिंह

रायपुर / “चायवाला कहा तो 44 सीटें मिलीं, पकौड़े वाले के मजाक के बाद 5 पर में सिमटेगी कांग्रेस” यह बातें राजनंदगांव से बीजेपी सांसद और छत्तीसगढ़ सीएम रमन सिंह के बेटे अभिषेक सिंह ने बजट पर चर्चा के दौरान गुरुवार को कांग्रेस पर गरीबों का मजाक उड़ाने का आरोप लगाते हुए कही।

लोकसभा के आम बजट पर चर्चा में भाग लेते हुए भाजपा के अभिषेक सिंह ने कहा कि जिस तरह चायवाले का मजाक बनाने पर कांग्रेस 2014 के आम चुनाव में 44 सीटों पर ही सिमट कर रह गई थी ठीक उसी तरह ‘पकौड़ा बेचने वाले मेहनतकश लोगों का मजाक बनाने के बाद वह 2019 में पांच सीटों से ज्यादा नहीं जीत पाएगी।

अभिषेक सिंह ने विपक्षी पार्टियों पर निशाना साधते हुए कहा कि उनमें बजट को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। उन्हें समझ में नहीं आ रहा है कि 5 लाख का बीमा सरकार कैसे कर पाएगी? इस बात को इस देश की जनता ने 2014 में ही समझ लिया था। तभी उन्हें विपक्ष में जाकर बैठा दिया। इन्हें तब भी भरोसा नहीं हुआ जब नोटबंदी और जीएसटी का निर्णय मोदी सरकार ने लिया था।

सिंह ने कहा कि जनता हमारे साथ है। लगातार राज्यों के विधानसभा चुनाव में हमारा साथ दे रही है। विपक्ष से कहा कि आप हमारी नीतियों की आलोचना करें तो यह ठीक है लेकिन पोहा, पकौड़ा बेचने वालों का माखौल न उड़ाएं। गरीब यह अपमान बर्दाश्त नहीं करेगा। हम गरीबों के लिए काम कर रहे हैं। सिंह ने कहा कि देश में गरीब आदमी अपनी मेहनत से परिवार का पेट पालता है और आगे बढ़ता है, लेकिन कुछ लोग इनका मजाक बना रहे हैं। चुनाव में इन लोगों को जवाब मिलेगा।

error: Content is protected !!