गोरखपुर / भाजपा के एक नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में अपमानजनक टिप्पणी करने को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ देवरिया जिला की एक अदालत में आज परिवाद दायर किया।
परिवाद दायर करने वाले उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता शलभ मणि त्रिपाठी ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित अपनी पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, देश से फरार पूर्व आईपीएल कमिश्नर ललित मोदी और बैंक घोटाले के आरोपी नीरव मोदी के बीच समानताएं बताने की कोशिश की थी।
उन्होंने दावा किया कि राहुल ने यह भी कहा था कि मोदी नाम भ्रष्टाचार का पर्याय बन चुका है।
त्रिपाठी ने कहा कि इससे न सिर्फ भाजपा कार्यकर्ताओं, बल्कि पूरे देश के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं और इसी वजह से उन्होंने देवरिया की एक अदालत में आज राहुल के खिलाफ परिवाद दायर किया।
