लखीमपुर / यहां राष्ट्रीय राजमार्ग-24 पर आज तड़के तेज रफ्तार वैन सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकरायी जिससे 12 लोगों की मौत हो गयी जबकि छह अन्य घायल हो गये।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि घायलों के समुचित इलाज के लिए हरसंभव मदद सुनिश्चित की जाए।
पुलिस अधीक्षक एस चन्नप्पा ने बताया कि दुर्घटना उछौलिया में उस दौरान हुई जब शाहजहांपुर से सीतापुर की ओर जा रही टाटा मैजिक वैन सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकरायी।
पुलिस ने बताया कि हादसे में नौ लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी। सात घायलों को शाहजहांपुर के अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान तीन लोगों की मौत हो गई।
पुलिस उपाधीक्षक विजय आनंद ने कहा कि जबर्दस्त टक्कर के बावजूद तीन महीने और दो वर्ष के दो बच्चे सुरक्षित बच गये।
आनंद ने बताया कि वैन चालक तेज गति से वाहन चला रहा था और अचानक नियंत्रण खो बैठा।
इस बीच पुलिस महानिरीक्षक (लखनऊ रेंज) सुजीत पाण्डेय ने क्षमता से अधिक यात्री ले जाने वाली टैक्सियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
पाण्डेय यहां उन शोक संतप्त परिवारों से मिलने आये थे, जिन्होंने अपने करीबियों को इस दुर्घटना में खो दिया।
उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में टैक्सियों में क्षमता से अधिक यात्री नहीं बैठाने दिये जायेगे।
जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और सड़क परिवहन अधिकारियों से संयुक्त रणनीति बनाने को कहा गया है।
लखीमपुर पुलिस की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि 12 मृतकों में से 11 की पहचान कर ली गयी है। इन मृतकों में अनूप कुमार (25), सरोज राजपूत (24), वसीम (28), चंदन (25), लल्लू (55), रूखसार (28), राकेश (20), रोशनी (35), पूनम (30), वेदपाल (30) और सतीश (32) शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि गुरूवार को कुशीनगर में मानवरहित क्रासिंग पर एक वैन को ट्रेन ने टक्कर मार दी थी जिससे 13 बच्चों की मौत हो गयी थी।
