कोरिया / खबर है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह हेलीकाप्टर से आगामी 01 मई मंगलवार को एक दिवसीय प्रवास पर कोरिया आयेगें। इस दौरान मुख्यमंत्री विकासखंड सोनहत के ग्राम नटवाही के आदिशक्ति मां गांगीरानी मंदिर परिसर और विकासखंड मुख्यालय मनेन्द्रगढ में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे और आमसभा को संबोधित करेंगे।
इन सब बातों के बीच हम आपको बता दे कि डॉ रमन सिंह अपनी तीसरी पारी के अंतिम वर्ष में पहली बार मनेन्द्रगढ़ आ रहे हैं। इसे लेकर पार्टी कार्यकर्त्ता भी काफी उत्साह में हैं तो आमजनों के मध्य एक उम्मीद भी जागी है कि शायद उनका यह चुनाव के पूर्व अंतिम दौरा हो और वे इस बार मनेन्द्रगढ़ को चमत्कारी तोहफा देंगे।
गौरतलब हो कि एक लंबे समय से मनेंद्रगढ़वासी एक अलग जिले की मांग कर रहे है पर अभी तक इनकी मांगो को प्रदेश के मुखिया अनसुना करते रहे है, अब जब डॉ रमन का यह दौरा कार्यक्रम तय हुआ है तो स्थानीय लोगों विपक्षी राजनैतिक पार्टी के लोगों द्वारा यह चर्चा का खास विषय बना हुआ है।
सोशल मीडिया भी इस बात से बिल्कुल अछूता नही है इलाके को जिला बनाए जाने या पुलिस जिला घोषित किये जाने को लेकर तमाम पोस्ट से खचा – खच सोशल मीडिया भरा हुआ है।
दबी जुबान लोगों से यह भी सुनने मिल रहा है कि अगर आमजन इस कार्यक्रम में नही पहुँचते है तो मुख्यमंत्री को इलाके के दर्द का आभास होगा हालांकि CM डॉ रमन के कार्यक्रम को सफल बनाने जिला प्रशासन एक पैर पर खड़ा है।
मुख्यमंत्री डॉ रमन के इस दौरे को लेकर कलेक्टर नरेन्द्र दुग्गा, पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला सहित जिले के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने कमर कस ली है। लगातार कार्यक्रम स्थलों का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया जा रहा है। बकायदा मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर
कलेक्टर कोरिया ने कार्यक्रम स्थलों में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए कार्यपालिक दण्डाधिकारियों को जिम्मेदारी दी है। इसके अलावा सुरक्षा के लिये पुलिस अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जा रही है। ज्ञात हो कि मुख्यमंत्री यहां कई निर्माण कार्यो का शिलान्यास भी करेंगे।
