Advertisement Carousel

राज्योत्सव 2026: 2 नवंबर को सभी जिलों में होंगे भव्य आयोजन, मंत्रियों-सांसदों को मिली जिम्मेदारी

‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ होगी इस साल की थीम; विकास योजनाओं की प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और शासकीय भवनों पर होगी रोशनी

रायपुर, 27 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में राज्योत्सव 2026 मनाया जाएगा। राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने जिला स्तरीय कार्यक्रमों के लिए मुख्य अतिथियों की सूची जारी कर दी है। विभिन्न जिलों में केंद्रीय राज्य मंत्री, राज्य के मंत्री, सांसद और विधायक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

इस वर्ष राज्योत्सव की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है। आयोजन में शासन की विकास योजनाओं, विभागीय उपलब्धियों और सफल परियोजनाओं की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। स्थानीय कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे, वहीं कल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को भी लाभान्वित किया जाएगा।

इन जिलों में मंत्री और सांसद होंगे मुख्य अतिथि

जांजगीर-चांपा में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, बिलासपुर में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और दुर्ग में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि होंगे। सरगुजा में रामविचार नेताम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में दयालदास बघेल, कांकेर में केदार कश्यप, कोरबा में लखनलाल देवांगन, जशपुर में श्याम बिहारी जायसवाल और रायगढ़ में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी कार्यक्रम की अगुवाई करेंगे।

सूरजपुर में लक्ष्मी राजवाड़े, गरियाबंद में टंकराम वर्मा और राजनांदगांव में गजेंद्र यादव मुख्य अतिथि होंगे। बलौदाबाजार-भाटापारा में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, बेमेतरा में विजय बघेल, कबीरधाम में संतोष पांडेय, बलरामपुर-रामानुजगंज में चिंतामणि महाराज और महासमुंद में रूपकुमारी चौधरी को जिम्मेदारी दी गई है।

इसके अलावा सक्ती, दंतेवाड़ा, बालोद, सुकमा, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी सहित अन्य जिलों में भी सांसदों और विधायकों को मुख्य अतिथि बनाया गया है।

1 से 3 नवंबर तक जगमगाएंगे सरकारी भवन

राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 1 से 3 नवंबर तक जिला मुख्यालयों के शासकीय भवनों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। राज्य शासन ने कलेक्टरों को मुख्य अतिथियों के परामर्श से कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

राज्योत्सव के जरिए प्रदेश की विकास यात्रा, सरकारी योजनाओं और स्थानीय सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने की तैयारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!