बीजापुर / छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में संदिग्ध नक्सलियों ने सड़क निर्माण में लगे छह वाहनों में आग लगा दी।
बीजापुर जिले के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के मोदकपाल थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुसुगुड़ी गांव के करीब नक्सलियों ने सड़क निर्माण में लगे छह वाहनों में आग लगा दी। वाहनों में चार ट्रैक्टर, एक जेसीबी और एक रोड रोलर शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। बीती रात लगभग आधा दर्जन नक्सली वहां पहुंचे और उन्होंने वाहनों में आग लगा दी। नक्सलियों ने घटनास्थल पर पर्चा भी फेंका और वहां से भाग गए।
उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी जब पुलिस को मिली तब क्षेत्र के लिए पुलिस दल रवाना किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि सड़क का निर्माण धमतरी जिले के हर्षा कंस्ट्रक्शन द्वारा कराया जा रहा है। ठेकेदार ने पुलिस को वाहनों के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी थी तथा उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की भी मांग नहीं की थी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फाइल/तस्वीर
