कोरिया / मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह विकास यात्रा के दौरान पत्रकारों के एक सवाल पर शायराना जवाब देते नजर आए। उन्होंने रजवाड़ों पर तंज कसते हुए कहा कि ‘लम्हों ने खता की थी, सदियों ने सजा पाई’। दरअसल उनसे पूछा कि मनेंद्रगढ़ में आज भी राजतंत्र नजर आता है और ठाकुरवाद चल रहा है। जहां-जहां किला वहां-वहां जिला बना है। इसका जवाब CM ने मुजफ्फर रजमी के इस शेर से दिया।
इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्हें विकास के लिए छत्तीसगढ़ और यहां के जिलों से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जहां-जहां गए हैं, कर्ज माफी और अन्य बड़ी घोषणाएं कर रहे हैं, लेकिन उन्हें आंकलन करना चाहिए कि कांग्रेस कहां से कहां पहुंच गई है। देश के 75 फीसदी में आज भाजपा है जबकि कांग्रेस महज 5 फीसदी हिस्से में। कर्नाटक को मिलाकर भाजपा के पास 22 राज्य हो गए हैं। उन्होंने कहा कि राहुल यहां आए थे तो छत्तीसगढ़ सरकार ने जो-जो काम किए हैं, उन्हें ही पढ़ देते तो तसल्ली हो जाती। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष के 15 अगस्त तक प्रत्याशी घोषित किए जाने संबंधी सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने कहा कि शहरी इलाकों बिलासपुर जैसी जगह पर उनकी सभा में भीड़ देखकर तो लगता नहीं है कि कुछ कर पाएंगे।
डॉ सिंह ने कहा कि आंधी-तूफान और बारिश के बाद भी चिरमिरी और मनेंद्रगढ़ में जो रोड शो हुआ, वह अद्भुत था। लोगों का अपार जनसमर्थन देखकर अभिभूत हूं।
हमारी सरकार की यह विकास यात्रा विकास यात्रा के साथ जनता को हिसाब देने की यात्रा है तीर्थ यात्रा है और काम करने के बाद जनता से आशीर्वाद लेने की यात्रा है।
चिरमिरी के अस्तित्व और पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए इस विषय पर बात की गई है। उन्होंने कहा कि कोयला खदान का नया प्रोजेक्ट और प्रपोजल देने पर हर हाल में हम एसईसीएल का सहयोग करेंगे और नए खदान खोलने क्लीयरेंस कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को विकास नहीं दिखता है।
प्रेस वार्ता के दौरान छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं श्रम मंत्री भैयालाल राजवाड़े, भरतपुर सोनहत विधायक व संसदीय सचिव श्रीमती चंपा देवी पावले व मनेंद्रगढ़ विधायक श्याम बिहारी जयसवाल जी उपस्थित रहे।
