रांची / झारखंड सरकार ने आज अधिसूचना जारी कर राज्य के सभी पर्यटन स्थलों, झारखण्ड पर्यटन विकास निगम के नियंत्रणाधीन होटलों, मोटलों, रेस्टोरेंट, कार्यालयों को तम्बाकू मुक्त क्षेत्र घोषित कर दिया।
सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार झारखंड के पर्यटन सचिव डॉ मनीष रंजन ने एक अधिसूचना जारी कर राज्य के सभी पर्यटन स्थल, झारखण्ड पर्यटन विकास निगम के नियंत्रणाधीन होटल, मोटल, रेस्टोरेंट, कार्यालयों को तम्बाकूमुक्त क्षेत्र घोषित किया है।
रंजन ने बताया कि तम्बाकू का सेवन कर यत्र-तत्र थूकने से कई गंभीर बीमारियों के संक्रमण की सम्भावना बनी रहती है और वातावरण भी गंदा होता है, जिससे सरकार का स्वच्छता अभियान प्रभावित होता है। इतना ही नहीं तम्बाकू के सेवन से दिल की बीमारी, फेफड़े, मुँह के कैंसर जैसे घातक रोग होते हैं जिससे हर साल लगभग 10-12 लाख लोगों की मौत होती है।
