कोरिया चिरमिरी / जिले के नगरीय क्षेत्र चिरमिरी महापौर के. डोमरु रेड्डी ने भी चिरमिरी ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुभाष कश्यप को अपना आवेदन देकर मनेंद्रगढ़ विधानसभा से अपनी दावेदारी ठोंक दी है।
गौरतलब हो कि कुछ समय पूर्व ही महापौर श्री रेड्डी की कांग्रेस में घर वापसी हुई है और उन्होंने अपना आवेदन दे कर अपने मनसूबे को साबित कर दिया है। हालाँकि शुरुआत से ही यह तय था कि महापौर के. डोमरु रेड्डी विधानसभा चुनाव लड़ेंगे और उन्होंने स्वयं इस बात की इच्छा भी जाहिर की थी। अब इनके चुनावी मैदान में उतरने से दर्जनों दावेदारों की हालत पतली हो चली है।
बता दे कि आज महापौर के. डोमरु रेड्डी अपने समर्थकों के साथ लोकमंच कार्यालय से पैदल रैली की शक्ल में हल्दीबाड़ी के टाकीज तिराहा पहुंचे और वहां उपस्थित ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष कश्यप को अपना आवेदन सौप दिया।
आवेदन देते समय महापौर के. डोमरु रेड्डी के साथ वरिष्ठ कांग्रेसी नेता शंकर राव, प्रमोद सिंह, शंकर मिश्रा, राजेश्वर श्रीवास्तव, शिवांश जैन, राहुल भाई पटेल, उमा शंकर अलगामकर, नारायण, लकी सिंह, सदा शिव बारीक, अभिषेक जैन, हैप्पी वधावन, रवि बिरहा, देवनंदन राजवाड़े, संजय नाहक, व भारी संख्या में उनके समर्थक मौजूद रहे।
ज्ञात हो महापौर के. डोमरु अपने राजनैतिक कैरियर के शुरू से ही कांग्रेस से जुड़े रहे है। उन्होंने अपने राजनैतिक कैरियर की शुरुआत कांग्रेस के छात्र संगठन अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस छात्र संगठन (एनएसयूआई) के ब्लाक अध्यक्ष के रूप में किया। इसके बाद वे एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष बने तथा इस पद पर उनके बेहतरीन प्रदर्शन पर कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उन्हें 2001 में सर्वश्रेष्ठ जिलाध्यक्ष के सम्मान से सम्मानित किया था। इसके बाद उन्होंने युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव के रूप में कार्य किया और कोरिया जिले के प्रभारी रहे। इसके बाद उन्हें युवा कांग्रेस का प्रदेश महासचिव बनाया गया। इस दौरान वे दुर्ग शहर व ग्रामीण, राजनांदगांव शहर व ग्रामीण सहित बालोद के प्रभारी भी रहे।
2013 में मनेंद्रगढ़ विधानसभा व 2014 में चिरमिरी नगर पालिक निगम से महापौर का प्रबल दावेदार होने के बावजूद जब पार्टी ने उन्हें टिकट नही दिया तो वे 2014 में पार्टी से किनारा हो कर महापौर का चुनाव निर्दलीय लड़े और रिकार्ड मतो से चुनाव जीता।
