00 मॉब लिंचिंग की घटनाओं की कड़ी निंदा
दिल्ली / प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्वास जताया है कि बीजेपी अगले साल होने वाले लोक सभा चुनाव में 2014 से भी ज़्यादा बड़ी जीत हासिल करेगी. एक राष्ट्रीय अख़बार को दिए इंटरव्यू में प्रधानमंत्री ने विपक्ष के महागठबंधन को एक ऐसा विचार बताया जो कि सफल नहीं हो सकता क्योंकि लोग केंद्र में एक मज़बूत और निर्णायक सरकार चाहते हैं। भीड़ द्वारा की जा रही हिंसा की घटनाओं पर जताई जा रही चिंताओं पर प्रधानमंत्री ने कहा कि इन घटनाओं की कड़ी शब्दों में निंदा की ज़रूरत है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार क़ानून व्यवस्था का पालन करने और हर नागरिक के जीवन और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने आगे कहा कि कोई भी व्यक्ति किसी भी परिस्थिति में क़ानून अपने हाथ में नहीं ले सकता और हिंसा नहीं कर सकता।
प्रधानमंत्री ने ज़ोर देकर कहा कि उनकी सरकार असम में नागरिकों के राष्ट्रीय रजिस्टर के नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी करने का वादा निभाएगी….उन्होंने इन चिंताओं को दूर किया कि एनआरसी भारतीय नागरिकों को शामिल नहीं करेगा और भरोसा दिलाया कि लोगों को अपनी शिकायतें दूर करने के हरसंभव मौक़े दिए जाएंगे। उन्होंने एनआरसी के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि वोट बैंक की राजनीति के कारण उसने उन समझौतों को भी लागू नहीं किया जो 1972 और 1982 में उसने अपने कार्यकाल में ख़ुद किए थे।
राफ़ेल सौदे पर कांग्रेस के आरोपों पर उन्होंने कहा कि पार्टी ने अपने मन से झूठ गढ़े हैं और उन्हीं को दोहरा रही है। सरकार के रोज़गार पैदा न करने के कांग्रेस के आरोपों का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सितंबर 2017 और अप्रैल 2018 के बीच 45 लाख से ज़्यादा विधिवत नौकरियों का सृजन हुआ और ईपीएफ़ओ का डाटा दिखाता है कि पिछले साल 70 लाख नौकरियां पैदा हुईं। उन्होंने कहा कि पर्यटन क्षेत्र में विकास, मुद्रा योजना के तहत ऋण, स्टार्ट-अप कंपनियों और निर्माण कार्य से रोज़गार का सृजन हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उम्मीद जताई कि इमरान ख़ान के नेतृत्व में पाकिस्तान अपने देश को आतंक और हिंसा मुक्त बनाने की दिशा में काम करेगा। प्रधानमंत्री ने दोनों देशों के बीच बेहतर संबंधों की कामना की और कहा कि उनकी सरकार ने इस दिशा में कई कदम उठाए हैं।
