जकार्ता / भारत की युवा महिला निशानेबाज राही जीवन सारनाबोत ने यहां जारी 18वें एशियाई खेलों के चौथे दिन बुधवार (22 अगस्त) को 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। राही सरनोबत एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला निशानेबाज बन गईं। उन्होंने यहां महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में दो बार शूट ऑफ से गुजरने के बाद यह उपलब्धि हासिल की।
इसी इवेंट में भारत की स्टार निशानेबाज मनु भाकर ने निराश किया है। फाइनल में 16 साल की मनु सिर्फ 16 प्वाइंट ही हासिल कर सकीं। वहीं इसी इवेंट में रही सरनोबत अचूक निशाना लगाती रहीं। राही ने 2010 दिल्ली और 2014 ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। इस दौरान वह फार्म में थी लेकिन बांह की चोट के कारण उन्हें करीब एक साल का लंबा ब्रेक लेना पड़ा और इससे उनकी फार्म में गिरावट आ गई।
2016 में चोट के कारण राही पूरे साल निशानेबाजी नहीं कर सकी थी। फिर दिसंबर 2016 और जनवरी 2017 में प्रतिस्पर्धाओं में भाग लेना शुरू किया। अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में 2017 उनके लिए मिश्रित नतीजों वाला रहा।
