** मुख्यमंत्री शामिल हुए राज्य खेल पुरस्कार अलंकरण समारोह में
** प्रदेश के 447 खिलाडियों को दी गई लगभग 95 लाख रुपए की पुरस्कार राशि
** खिलाडियों का दैनिक भत्ता 350 रूपये करने की घोषणा
रायपुर / मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि छत्तीसगढ़ अकेला राज्य है जहां खिलाडियों को प्रोत्साहित करने के लिए हर वर्ष राज्य खेल पुरस्कार अलंकरण समारोह आयोजित किया जाता है। छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी प्रतिभाशााली और खेलों के प्रति समर्पित हैं। हमारे खिलाड़ी संसाधनों के मामले में दूसरे राज्यों के खिलाडियों से पीछे न रह जाए इसलिए खिलाडियों को पुरस्कार स्वरूप नगद राशि भी प्रदान की जाती है।
डॉ. सिंह आज यहां मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित राज्य खेल पुरस्कार अलंकरण समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने समारोह में प्रदेश के उत्कृष्ट खिलाडियों को राज्य खेल अलंकरण पुरस्कार से सम्मानित किया। उन्होंने प्रदेश के 447 खिलाडियों को लगभग 95 लाख रुपए की पुरस्कार राशि, स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र प्रदान किए। इन खिलाडियों में से खेलों में उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाले 76 खिलाडियों को राज्य खेल अलंकरण पुरस्कार के रूप में 49 लाख 25 हजार रुपए की राशि और वर्ष 2017-18 की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक विजेता 20 खेलों के 371 खिलाडियों को 45 लाख रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल ने की। उत्कृष्ट खिलाडियों को शहीद राजीव पांडेय पुरस्कार, शहीद कौशल यादव पुरस्कार, शहीद पंकज विक्रम पुरस्कार, शहीद विनोद चौबे पुरस्कार, खेल प्रशिक्षकों और खेल निर्णायकों को वीर हनुमान सिंह पुरस्कार प्रदान किये गये।

डॉ. सिंह ने कहा कि मेरी हार्दिक इच्छा है कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय खेलों के साथ एशियाई खेलों, कॉमनवेल्थ खेलों और ओलंपिक खेलों में भी पदक जीते। उन्होंने ने कहा ओलंपिक खेलों में पहुंचने वाले छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी 10 लाख रूपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। ओलंपिक खेलों में स्वर्ण पदक जीतने पर 2 करोड़ रूपये, रजत पदक जीतने वाले खिलाड़ी को डेढ़ करोड़ रूपये और कास्य पदक जीतने वाले खिलाडियों को एक करोड़ रूपये का पुरस्कार दिया जाएगा। उन्होंने इस अवसर पर राष्ट्रीय खेलों में शामिल होने वाले छत्तीसगढ़ के खिलाडियों का दैनिक भत्ता एक सौ रूपये से बढ़ाकर 350 रूपये करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में अंतर्राष्ट्रीय स्तर की खेल अधोसंरचना विकसित की जा रही है। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, सभी जिला मुख्यालयों में ऑउटडोर स्टेडियम, प्रदेश में अनेक स्थानों पर इंडोर स्टेडियम और विकासखण्ड स्तर पर मिनी स्टेडियम बनाये गये हैं। इनसे प्रदेश में खेलों का अच्छा वातावरण बना है। उन्होंने राज्य खेल अलंकरण से सम्मानित खिलाडियों को उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।
मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने इस अवसर पर खेलों के क्षेत्र में विशिष्ठ उपलब्धियां हासिल करने वाले लोगों को विशेष सम्मान र्प्रदान कर सम्मानित किया। विशेष सम्मान से सम्मानित होने वालों में कॉमनवेल्थ खेलों में भारतीय खेल दल का चीफ डी मिशन के रूप में प्रतिनिधित्व करने वाले श्री विक्रम सिंह सिसोदिया, एवरेस्ट पर चढ़ाई पूरी करने वाले छत्तीसगढ़ के युवा राहुल गुप्ता, खेल प्रशिक्षक भूषण साव, ग्रामीण क्षेत्रों में खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए कोंडागांव आईटीबीपी के कमांडेंट एस.एस. खत्री और प्रधान आरक्षक त्रिलोचन सिंह, राज्य में खेलों के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए बशीर अहमद खान, खेल अधोसंरचना निर्माण में योगदान के लिए पुलिस उपमहानिरीक्षक अकबर राम कर्राम और ग्रामीण क्षेत्रों के आदिवासी युवाओं को खेलों में प्रशिक्षण देकर प्रोत्साहित करने वाली समाज सेवी संस्था रामकृष्ण मिशन आश्रम नारायणपुर को विशेष सम्मान से सम्मानित किया।
समारोह में सॉफ्टबॉल (पुरुष दल) सीनियर वर्ग को वर्ष 2017-18 के लिए मुख्यमंत्री ट्रॉफी प्रदान की गई। इस टीम ने सीनियर वर्ग की राष्ट्रीय स्पर्धा में लगातार तीन वर्ष स्वर्ण पदक हासिल किए हैं। टीम को पांच लाख रुपए की पुरस्कार राशि दी गई। जुनियर वर्ग में कराते (बालिका)टीम को मुख्यमंत्री ट्राफी और एक लाख रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। इस टीम ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक हासिल किया है। वर्ष 2017-18 के लिए वीर हनुमान सिंह पुरस्कार- प्रशिक्षक संजय मिश्रा को प्रदान किया गया। श्री मिश्रा ने बैडमिंटन के चार अंतर्राष्ट्रीय खिलाडियों को प्रशिक्षित किया जिन्होंने राज्य के लिए पदक अर्जित किए। वीर हनुमान सिंह निर्णायक पुरस्कार डी कोण्डईया को प्रदान किया गया। श्री कोण्डईया ने वुशू खेल में विदेशों में तीन अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अंपायरिंग की है। वीर हनुमान सिंह पुरस्कार स्वरूप श्री मिश्रा और श्री कोण्डईया को डेढ़-डेढ़ लाख रुपए की राशि प्रदान की गई।
खेल मंत्री भैयालाल राजवाड़े ने कहा कि भारत सरकार की सहयोग से जशपुर में अंतर्राष्ट्रीय एस्टोटर्फ हॉकी स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि रायपुर, राजनांदगांव और बिलासपुर में अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम बनाये जा चुके हैं। खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार ने नये खेल नीति बनाई है।
राज्य खेल पुरस्कार अलंकरण समारोह: मुख्यमंत्री ने शहीदों के परिवारजनों को सम्मानित किया
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज यहां मेडिकल कालेज परिसर स्थित अटल बिहारी बाजपेयी आडिटोरियम में आयोजित राज्य खेल पुरस्कार अलंकरण समारोह में शहीद राजीव पाण्डेय, शहीद कौशल यादव, शहीद पंकज विक्रम और शहीद विनोद चौबे के परिवारजनों को सम्मानित किया। डॉ. सिंह ने शहीद राजीव पाण्डेय के पिता कर्नल श्री आर.पी. पाण्डेय, माता श्रीमती शकुंतला पाण्डेय, शहीद कौशल यादव की माता श्रीमती धनमंती यादव और पत्नी श्रीमती निशा यादव, शहीद पंकज विक्रम की माता श्रीमती राही विक्रम और बहन नीरा डोंगरे तथा शहीद विनोद चौबे की पत्नी श्रीमती रंजना चौबे को सम्मानित किया।
