00 लगभग 31 हजार तेंदूपत्ता संग्राहकों को वितरित किया 18.91 करोड़ का बोनस
00 लगभग 22.39 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन
रायपुर / मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह और राज्य सभा सांसद अमित शाह प्रदेश व्यापी विकास यात्रा में आज उत्तर बस्तर (कांकेर) जिले के विकासखंड मुख्यालय नरहरपुर में आयोजित तेंदूपत्ता बोनस तिहार एवं आदिवासी सम्मेलन में शामिल हुए। अतिथियों ने बोनस तिहार में कांकेर जिले के 31 हजार 457 तेंदूपत्ता संग्राहकों को 18 करोड़ 91 लाख रूपये की बोनस राशि का वितरण किया। उन्होंने नरहरपुर में 22 करोड़ 39 लाख रूपये के विभिन्न 20 विकास कार्यो का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया। इनमें 16 करोड़ 76 लाख रूपये लागत के 11 विकास कार्यों का लोकार्पण और 5 करोड़ 33 लाख रूपये के 9 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में चार हजार 600 से अधिक हितग्राहियों को एक करोड़ 77 लाख रूपये की सामग्री और सहायता राशि का वितरण भी किया गया।
आदिवासियों को संबोधित करते हुए अमित शाह ने राज्य में चौथी बार रमन सरकार बनाने की अपील की। इस दौरान अमित शाह ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस के शासन काल में छत्तीसगढ़ में विकास का पहिया खराब था। लेकिन बीजेपी के शासन काल में विकास का पहिया हाईटैक हो गया है और राज्य में चहुंओर विकास हो रहे हैं।
अमित शाह ने कांग्रेस से 55 साल का हिसाब मांगा। साथ ही कहा कि हम 15 साल का हिसाब देंगे और दे रहे हैं। छत्तीसगढ़ में चर्चित सीडी कांड पर भी अमित शाह ने कांग्रेस को घेरा। अमित शाह ने कहा कि सीडी बनाने वालों को कांग्रेस नेता बना रही है। सीडी बनाने वाले नेता अब जनता के बीच क्या मुंह लेकर जाएंगे। बीजेपी सिर्फ विकास की राजनीति करती है।
नक्सली मुद्दे पर बात करते हुए शाह ने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने नक्सलियों से रिश्ते बनाए थे। लेकिन बीजेपी सरकार ने नक्सलियों पर शिकंजा कसा है। नक्सली क्षेत्रों में हमने विकास के रास्ते बनाए। आदिवासियों को वनअधिकार पत्र दिए। घर-घर में बिजली पहुंच रही है। साढ़े सात सौ करोड़ रूपए का धान का बोनस देने का काम किया। इसलिए जनता का साथ रमन सरकार के साथ है। राज्य में चौथी बार भी हम रमन के नेतृत्व में विधानसभा चुनाव लड़ेंगे।
इस अवसर पर वन मंत्री महेश गागड़ा, लोकसभा सांसद विक्रम उसेण्डी, विधायक भोजराज नाग सहित अनेक जनप्रतिनिधि इस अवसर पर उपस्थित थे।

