Advertisement Carousel

ठेकेदार की गला रेतकर हत्या, घटनास्थल से पर्चा भी बरामद

रायपुर / दंतेवाड़ा  / छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में नक्सलियों ने ठेकेदार की गला रेतकर हत्या कर दी है। दंतेवाड़ा में पीएलजीए सप्ताह के 4 दिन बाद नक्सलियों ने एक बड़ी घटना को अंजाम दिया है। नक्सलियों ने जिंदल के लिए काम कर रहे ठेकेदार की हत्या कर दी है। मृतक ठेकेदार का नाम गणेश नायडू बताया जा रहा है। इसके अलावा नक्सलियों ने एक वाहन को भी आग लगा दी है। मामला भांसी थाने क्षेत्र की है। 

दंतेवाड़ा जिले के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के भांसी थाना क्षेत्र अंतर्गत कामालूर रेलवे स्टेशन के करीब आज सुबह नक्सलियों ने ठेकेदार गणेश नायडू की गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस को जानकारी मिली है कि नक्सलियों ने नायडु को आज कामालूर गांव बुलाया था। बाद में नक्सलियों ने उसकी हत्या कर दी और नायडु के बोलेरो वाहन में आग लगा दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल के लिए पुलिस दल रवाना किया गया और नायडु के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों की तलाश में पुलिस दल को रवाना किया गया है।

नायडु बस्तर जिले के जगदलपुर का निवासी था। जगदलपुर में अन्ना एंड अन्ना ग्रुप के नाम से उसका कार्यालय है। नायडु खनन संबंधित कार्य करता था। नायडु ने जिंदल कंपनी के लिए कामालूर के पंडेवार इलाके में खनन के लिए सर्वे का कार्य भी किया था। नक्सलियों ने नायडु को कामलूर क्यों बुलाया था इसकी जानकारी पुलिस को नहीं मिली है।

पुलिस दल ने घटनास्थल से पर्चा भी बरामद किया है जिसमें भैरमगढ़ एरिया कमेटी ने इस घटना की जिम्मेदारी ली है। नक्सलियों ने क्षेत्र में खनन कार्य का विरोध किया है।

गौरतलब है कि 15 नवंबर को नक्सलियों ने राज्य के सुकमा जिले में सड़क निर्माण करने वाले ठेकेदार की हत्या कर दी थी और छह वाहनों में आग लगा दी थी।

error: Content is protected !!