रायपुर, 16 जनवरी 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सनातन परंपरा और आध्यात्मिक आयोजनों से समाज में नैतिकता, संस्कार और सामाजिक समरसता को मजबूती मिलती है। वे रायगढ़ जिले के ग्राम खम्हार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माताश्री हीराबेन मोदी की पुण्य स्मृति में आयोजित शिव महापुराण कथा को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की और बाल कथा व्यास कृष्णा दुबे महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ प्रभु श्रीराम की वनवास स्थली है और माता शबरी की भक्ति आज भी प्रेरणास्रोत है। अयोध्या में राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा अवसर पर छत्तीसगढ़ के चावल से बना प्रसाद अर्पित किया जाना राज्य के लिए गौरव का विषय है।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि रामलला दर्शन योजना के तहत दो वर्षों में 40 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या दर्शन कर चुके हैं, वहीं मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना से 5 हजार से अधिक वरिष्ठ नागरिक लाभान्वित हुए हैं।
कार्यक्रम को वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने भी संबोधित किया। कथा वाचन अकोला (महाराष्ट्र) से पधारे अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त बाल कथा व्यास कृष्णा दुबे महाराज द्वारा संगीतमय शैली में किया जा रहा है।
कार्यक्रम में लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, कमलेश जांगड़े, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा गबेल, रायगढ़ महापौर जीवर्धन चौहान, खरसिया नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
