लोकसभा चुनाव लड़ने शुरू हुई लॉबिंग, कोरिया से उम्मीदवार बनाये जाने की मांग कर रहे कार्यकर्ता, भईयालाल राजवाड़े को चुनाव लड़ाने की अटकलें तेज

कोरिया / आगामी अप्रैल माह में संभावित लोकसभा चुनाव के लिए प्रदेश में भी चुनावी बिसात बिछने लगी है। राजनैतिक पार्टियों ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है, चुनाव पूर्व कांग्रेस और भाजपा दोनो प्रमुख दलों के कार्यकर्ता अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं। कार्यकर्ता मांग कर रहें हैं कि इस बार प्रत्याशी कोरिया जिले से होना चाहिए।

आपको बता दें कि छत्तीसगढ़ में भाजपा पिछले दो लोकसभा चुनावो में कांग्रेस को करारी शिकस्त देकर 11 में से 10 सीटें जीतने में सफल हो रही है इस बार फिर भाजपा नेता पूरी सीट जीतने का दावा कर रहे हैं लेकिन अब चूंकि प्रदेश में सरकार के साथ परिस्थिति भी बदल गई है तो उनका दावा कितना कारगार साबित होगा यह देखने वाली बात होगी। इधर विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद भाजपा के पास भी लोकसभा के अलावा कोई दूसरा विकल्प नही हैं, कोरबा संसदीय सीट के 8 विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा की इस बार दुर्गति हुई है यहां उसके पास मात्र 1 विधायक हैं बाकि 6 में कांग्रेस और 1 में जोगी कांग्रेस सुप्रीमो अजीत जोगी खुद विधायक निर्वाचित हुए हैं।

कोरबा संसदीय क्षेत्र में भाजपा के वर्तमान सांसद कोरबा निवासी हैं और उनका कार्यकाल जैसा बीता है उससे आम जनों सहित भाजपाई भी खुद आक्रोशित हैं, ऐसे में दुबारा उन्हें टिकट मिलने की कोई उम्मीद नही है।

हाल ही में सम्पन्न विधानसभा चुनाव में कोरिया की तीनों सीट कांग्रेस ने भाजपा से छीन ली है ऐसे में भाजपाई भी कहीं चेहरा नही दिखा पा रहें हैं उनकी उम्मीद है कि अगर लोकसभा का चुनाव जीत जाते हैं तो काफी बल मिलेगा और निराशा का भाव खत्म होगा। लेकिन इसके पहले कार्यकर्ता भी इस बार कोरिया जिले से उम्मीदवार उतारे जाने की मांग कर रहे हैं उनका कहना है कि अभी तक कोरिया जिले से किसी को मौका नही मिला लेकिन इस बार यहां के दावेदार को मौका मिलना चाहिए।

कोरबा में आपसी खींचतान ज्यादा –

संसदीय सीट के कोरबा में स्थानीय नेताओं में आपसी खींचतान बहुत ज्यादा है पिछले लोकसभा सहित सम्पन्न विधानसभा चुनाव में कई नेताओं ने पार्टी प्रत्याशी के विरोध में खुलकर काम किया जिसका परिणाम भी हार के रूप में देखने को मिला है। प्रदेश संगठन भी इस बात से भलीभांति परिचित है कि कोरबा में नेताओं की आपसी लड़ाई का खामियाजा पार्टी को भुगतना पड़ रहा है। लिहाजा इस बार पार्टी भी कोरबा निवासी को प्रत्याशी बनाये इसकी संभावना कम है।

सक्रिय हुए दावेदार, राजधानी में डेरा डाला –

लोकसभा चुनाव के दावेदार इन दिनों राजधानी में सक्रिय हो गए हैं। कोरबा से पूर्व महापौर जोगेश लाम्बा व देवेंद्र पांडेय ने चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है तो वहीं कोरिया जिले से पूर्व केबिनेट मंत्री भईयालाल राजवाड़े, पूर्व विधायक दीपक पटेल दावेदारी कर रहे हैं, पूर्व विधायक श्यामबिहारी जायसवाल भी लॉबिंग करने में लगे हुए हैं।

मिल रही जानकारी के अनुसार पूर्व मंत्री श्री राजवाड़े ने रायपुर में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह समेत अन्य संगठन नेताओं से मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है,सूत्र बतलाते हैं कि भाजपा संगठन भी उनके नाम पर लगभग सहमत है और उन्हें तैयारी करने को भी कहा गया है। तो वही पूर्व विधायक दीपक पटेल और श्यामबिहारी जायसवाल भी नेताओं से मिलकर दावेदारी कर रहे हैं।

लोकप्रियता सहित सामाजिक समीकरण के मामले में पूर्व मंत्री राजवाड़े काफी मजबूत हैं बैकुंठपुर के अलावा सोनहत, भरतपुर, मनेन्द्रगढ़ और चिरमिरी में भी उनके समर्थक हैं ऐसे में उन्हें चुनाव लड़ाने पर पार्टी को फायदा मिल सकता है।

बहरहाल इस बारे में अभी सिर्फ कयास ही लगाए जा सकते हैं परिस्थितियों के अनुसार पार्टी किसे टिकट देगी यह आने वाले समय मे ही तय होगा।

error: Content is protected !!