रायपुर / खबर है कि रायपुर के पुरानी बस्ती थाना के 7 पुलिसकर्मियों को एसपी नीतू कमल ने सस्पेंड कर दिया है। गिरफ्तार किए गए सटोरियों के पास से इन सातों पुलिसकर्मियों के लेन-देन की डिटेल मिली थी। डिटेल सामने आने के बाद एसपी ने विभागीय जांच के बाद इन्हें सस्पेंड करने की बड़ी कार्यवाही की है।
पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार को अश्वनी नगर में दबिश देकर सट्टा खिलाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस के पहुंचने पर आरोपी भागने लगे थे तो पुलिस ने घेराबंदी कर विकास तम्बोली (36) निवासी अश्वनी नगर व राहुल चौधरी (27) निवासी मैत्री नगर को गिरफ्तार किया था। विकास के पास से 17 हजार रुपए और राहुल के पास से 31 हजार 729 रुपए सट्टा पट्टी के साथ बरामद हुए थे।वहीं शुक्रवार को ही सिविल लाइन पुलिस ने राजातालाब बैरागी बाड़ा के पास से 4 आरोपियों को सट्टा-पट्टी और नगदी के साथ गिरफ्तार किया था।
आरोपी अशोक साहू (33) निवासी संतोषी नगर से 500 रुपए, बल्लू जायसवानी (38) निवासी सड्डू के पास 3500 रुपए, किशोर जैन (55) निवासी कोटा के पास 2850 रुपए और राजा टंडन (29) निवासी झण्डा चौक पंडरी के पास से 2700 रुपए बरामद हुए थे।
