बेगूसराय / प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि वह जम्मू कश्मीर में हुए आतंकवादी हमले के बाद देश के लोगों का दुख और गुस्सा समझते हैं. इस हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए थे. कई परियोजनाओं का शुभारंभ करने के लिए बिहार पहुंचे प्रधानमंत्री ने स्थानीय बोली अंगिका में कुछ पंक्तियां बोलकर अपना भाषण शुरू किया और पुलवामा हमले में मारे गए राज्य के दो जवानों को श्रद्धांजलि दी.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने एक दिवसीय दौरे पर विशेष विमान से पटना एयरपोर्ट पहुंचे, जहां राज्यपाल लालजी टंडन, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी सहित कई नेताओं ने उनका स्वागत किया. पटना के बाद पीएम मोदी वायुसेना के विशेष चॉपर से बरौनी पहुंचे. यहां उन्होंने राज्य को 33 हजार करोड़ की परियोजनाओं की सौगात दी. इस दौरान पीएम मोदी ने पुलवामा हमले में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी. साथ ही कहा कि जो आग आपके दिल में है, वही मेरे दिल में भी है.
पीएम मोदी के अलावा सीएम नीतीश कुमार, राज्यपाल लालजी टंडन और सुशील मोदी भी बरौनी पहुंचे. पीएम मोदी ने बेगूसराय से ही पटना मेट्रो की आधारशिला रखी. साथ ही पटना के लगभग 1500 घरों में पाइप लाइन से गैस आपूर्ति सेवा की शुरुआत भी की. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत मैथिली में की. इस दौरान उन्होंने कहा, ‘पुलवामा में जो शहीद हुए हैं उनको मैं श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं. इस घटना को लेकर जो आग आपके दिल में है, वही मेरे दिल में है.’ साथ ही उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार बिहार को समेत पूर्वी भारत को आगे लेने के लिए एक के बाद एक कई कदम उठा रही है. उन्होंने नीतीश कुमार और उनकी टीम को बधाई दी.
