कोरिया / चुनाव जीतने के बाद तो सभी मतदाताओं का आभार जताते हैं, लेकिन नगर पालिक निगम चिरिमिरी के वार्ड क्रमांक 32 में अलग ही नजारा देखने को मिला जो पहले कभी नहीं देखा गया।
दरअसल चिरिमिरी के वार्ड क्रमांक 32 से राष्ट्रीय पार्टी भाजपा और कांग्रेस सहित 5 प्रत्याशियों ने नामांकन भरा था। हालांकि जीत इस वार्ड से कांग्रेस को मिली, लेकिन एक ओर जहाँ एक ओर जादुई आंकड़ों से ज्यादा बहुमत वाली कांग्रेस के पार्षद जीतने के बाद दूसरे दिन से ही चिरिमिरी से बाहर दूसरे राज्य जाकर सामूहिक रूप से सर्व सुविधायुक्त फाइव स्टार जश्न मनाने में मशगूल हैं। वहीं वार्ड क्रमांक 32 की निर्दलीय प्रत्याशी श्रीमती विष्णु प्रिया साहू चुनाव हार जाने के बाद भी डोर टू डोर मतदातों से मिलकर उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त कर रही हैं।लोगो को उनका ये अंदाज खूब पसंद आ रहा है और चर्चा का विषय बनी हुई हैं।
इस अवसर पर श्रीमती विष्णु प्रिया साहू ने कहा कि हार जीत अपनी जगह है लेकिन जनता ने उन्हें सम्मानजनक वोट दिया है और उनका वे सम्मान करती हैं, वे भले ही पार्षद नही बन पाई हैं बावजूद इसके इस वार्ड के विकास की उन पर बड़ी जिम्मेदारी है। पराजय के बाद भी वे वार्ड की छोटी,बड़ी समस्याओं पर महापौर,आयुक्त और पार्षद का ध्यानाकर्षण कराते रहेंगी और क्षेत्र की समस्याओं और निर्माण कार्य में भष्टाचार के खिलाफ आवाज़ और मजबूती के साथ उठाते रहेंगी और आने वाले चुनाव में दोगुने उत्साह के साथ पुनः चुनाव लड़ेंगी।
