रायपुर साइबर सेल ने शनिवार देर रात गोबरा नवापारा के एक मकान में चल रहे जुवां फड़ पर छापा मारकर 12 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। जुवांरियों के पास से 70 हजार रुपए जब्त किए गए हैं। सभी के विरुद्ध जुवां एक्ट के अलावा धारा 188 के तहत कार्यवाही की जा रही है।
बताया जाता है कि उक्त कार्यवाही रायपुर एसएसपी आरिफ शेख के निर्देश पर की गई है, जिनके पास गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में लम्बे अरसे से जुवां चलने की शिकायत पहुँच रही थी। साइबर सेल देर रात 10 बजे नगर के एक घर के बाहर पहुंचा . मकान की घेराबंदी कर सेल के पुलिसकर्मी अंदर घुसे और ताश पत्ती से जुवां खेल रहे 12 लोगों को धरदबोचा। सभी को गिरफ्तार कर थाना गोबरा नवापारा लाया गया।
बताना जरूरी है कि साइबर सेल द्वारा थाना गोबरा नवापारा को जानकारी दिए बिना इस कार्यवाही को अंजाम दिया गया है। थाना गोबरा नवापारा क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से रायपुर की टीम द्वारा स्थानीय थाना को जानकारी दिए बिना उच्चाधिकारियों के निर्देश पर लगातार ऐसी कार्यवाही की जाती रही है, जिसमें बड़ी सफलता मिलती रही है। स्थानीय थाना को नगर में चल रहे इस जुवां फड की जानकारी न होने को लेकर भी स्थानीय पुलिस पर सवालिया निशान उठ रहे हैं।
