राजनांदगांव / खैरागढ़ उपचुनाव में सभा करने पहुंचे मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को भूपेश सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में माफिया राज चल रहा है। शराब, रेत ओैर कोयला माफिया हावी हैं। विकास बंद सिर्फ भ्रष्टाचार चल रहा है। शिवराज ने पूछा कि साढ़े तीन साल में खैरागढ़ को जिला क्यों नहीं बनाया? चुनाव की बारी आई तो झूठा वादा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर आरोप लगाया कि वे ट्रांसफर-पोस्टिंग का उद्योग चला रहे हैं। यहां बिना लेन-देन के कोई काम नहीं होता। राज्य सरकार पर उन्होंने सनातन धर्म कोे कुचलने की साजिश का भी आरोप लगाया।
राजनांदगांव जिले की खैरागढ़ विधानसभा सीट पर उपचुनाव में मतदान के लिए अब कुछ ही दिन रह गए हैं। यहां 12 अप्रैल को मतदान होना हैं। ऐसे में सभी राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। बीजेपी ने पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह को भी मैदान में उतार दिया है। मुख्यमंत्री शिवराज ने भी शुक्रवार को बीजेपी प्रत्याशी के पक्ष में खैरागढ़ में प्रचार किया और लोगों से बीजेपी के पक्ष में वोट करने की अपील की है। मध्यप्रेदश के सीएम ने शुक्रवार को तय कार्यक्रम के मुताबिक राजनांदगांव पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने साल्हेवारा और गंडई के ग्राम कोपेभाटा में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान पूर्व सीएम रमन सिंह, राजनांदगांव सासंद संतोष पांडेय समेत बीजेपी नेता और विधायक भी उनके साथ मौजूद रहे।
खैरागढ़ उपचुनाव के लिए कांग्रेस, BJP और JCCJ सहित 10 उम्मीदवार मैदान में हैं। कांग्रेस ने खैरागढ़ ब्लॉक कांग्रेस की अध्यक्ष यशोदा वर्मा को टिकट दिया गया है। वहीं BJP ने पूर्व विधायक काेमल जंघेल को टिकट दिया है। कोमल पहले भी दो बार खैरागढ़ का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। 2018 का आम विधानसभा चुनाव वे महज 870 वोटों के अंतर से हारे थे। जबकि JCCJ ने अधिवक्ता और स्व. देवव्रत सिंह के बहनोई नरेंद्र सोनी को उम्मीदवार बनाया है।
जनसभा को संबोधित करने के बाद शिवराज ने पत्रकारों से भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के साढ़े तीन साल के कार्यकाल में पूरे छत्तीसगढ़ में विकास कार्य ठप है। जनता यहां परेशान है। डॉ. रमन सिंह ने जो जन कल्याणकारी योजनाएं बनाई थी, वह एक-एक करके बंद कर दी गई है। यहां तक कि प्रधानमंत्री आवास का पैसा केंद्र को राज्य सरकार ने लौटा दिया है। शिवराज सिंह ने कहा जनता के कल्याण की जितनी योजनाएं थी आयुष्मान भारत तक में कैंची चलाई,भ्रष्टाचार यहां चरम पर है।यहां केवल बदलापुर की राजनीति हो रही है। इसलिए इस उपचुनाव में कांग्रेस को सबक सिखाने का फैसला जनता कर चुकी है। मुझे विश्वास है कि भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी कोमल जंघेल भारी बहुमत से जीतेंगे।
