गौठान में 378 क्विंटल वर्मी कम्पोस्ट उत्पादन, 369 क्विंटल बिका, महिलाओं को 1.67 लाख की आय
कोरिया / बहरासी ग्राम गौठान में महिलाओं ने एलईडी बल्ब बनाने की आजीविका शुरु की है। गौठान में मां संतोषी स्वसहायता समूह की महिलाओं को बल्ब बनाने के लिए प्रशिक्षण दिया गया है। इस प्रशिक्षण के बाद अब वे स्वयं बल्ब निर्माण में सक्षम हुई हैं। कलेक्टर कुलदीप शर्मा अपने भ्रमण के दौरान बहरासी गौठान में महिलाओं की इस कुशलता से रूबरू हुए। गौठान में ग्रामीण महिलाएं इस तरह के तकनीकी संबंधी कामों में हाथ आजमा रही हैं और सफल भी हो रही हैं। कलेक्टर ने महिलाओं की सराहना कर उनका हौसला बढ़ाया।
गौठान में महिलाओं द्वारा वर्मी कम्पोस्ट उत्पादन, फूल झाड़ू, और मशरूम उत्पादन का काम किया जा रहा है। वर्मी कम्पोस्ट उत्पादन में संलग्न स्वसहायता समूह की महिलाओं ने बताया कि उन्हें अब तक 1.67 लाख रुपये की आय हुई है। उन्होंने बताया कि गौठान में 378 क्विंटल वर्मी कम्पोस्ट उत्पादन किया गया है और इसमें से 369 क्विंटल वर्मी कम्पोस्ट का वितरण भी किया जा चुका है।

