Advertisement Carousel

आपसी विवाद में दोहरी हत्या, 6 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर।कला पुतला चौक, चंगोराभाठा स्थित मैदान में आपसी विवाद के चलते हुई दोहरी हत्या के मामले में पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें 2 नाबालिग शामिल हैं। आरोपियों ने पत्थर से सिर पर वार कर कृष्णा यादव और सचिन बड़ोले की हत्या कर दी। घटना तात्कालिक विवाद का परिणाम बताई जा रही है।

क्या है मामला?
30-31 दिसंबर की दरम्यानी रात को चंगोराभाठा के मैदान में कृष्णा यादव और सचिन बड़ोले बैठे थे। वहीं, पास में मोहल्ले के ही 6 अन्य व्यक्ति आग जलाकर बैठे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो जल्द ही हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोपियों ने पत्थर से हमला कर दोनों की हत्या कर दी।

पुलिस की कार्रवाई:
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों और डी.डी. नगर थाना प्रभारी को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना डी.डी. नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपियों को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की। चंद घंटों के भीतर सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी:

  1. खाम सिंह साहू (47), निवासी शिव नगर, चंगोराभाठा।
  2. दुर्गेश साहू (23), निवासी शिव नगर, चंगोराभाठा।
  3. डालेंद्र साहू (18), निवासी साकेत बिहार कॉलोनी।
  4. एवन कुमार साहू (18), निवासी शिव नगर, चंगोराभाठा।
  5. दो नाबालिग।

आरोपियों ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने उनके द्वारा उपयोग किए गए पत्थर को भी बरामद कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

हत्या का कारण:
पुलिस के मुताबिक, मृतक और आरोपी एक ही मोहल्ले के निवासी थे और एक-दूसरे को जानते थे। आपसी तात्कालिक विवाद हत्या का कारण बना।

पुलिस की अपील:
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विवाद को सुलझाने के लिए हिंसा का सहारा न लें और ऐसी घटनाओं से बचने के लिए संयम और समझदारी दिखाएं।

error: Content is protected !!