बीजापुर, 01 फरवरी 2025: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। अब तक 08 नक्सलियों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि कई और के मारे जाने या घायल होने की संभावना जताई जा रही है।
संयुक्त अभियान में मिली सफलता
गंगालूर थाना क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा 202 और केरिपु 222 वाहिनी की संयुक्त टीम ने नक्सल विरोधी अभियान चलाया। अभियान के दौरान 31 जनवरी से 01 फरवरी 2025 तक कई बार रुक-रुक कर मुठभेड़ हुई।
हथियारों का जखीरा बरामद
मुठभेड़ स्थल से सुरक्षाबलों ने INSAS राइफल, BGL लॉन्चर सहित कई हथियार और अन्य सामग्री बरामद की है। यह नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों की एक बड़ी जीत मानी जा रही है।
सर्चिंग अभियान जारी
मुठभेड़ के बाद भी सुरक्षा बलों का सर्चिंग अभियान जारी है। सुरक्षाबलों को आशंका है कि इलाके में और भी नक्सली घायल अवस्था में छिपे हो सकते हैं।
प्रशासन ने मुठभेड़ को लेकर विस्तृत जानकारी जल्द साझा करने की बात कही है। सुरक्षा बल लगातार नक्सल उन्मूलन अभियान को तेज कर रहे हैं, जिससे क्षेत्र में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
