Advertisement Carousel

रायपुर में अवैध शराब तस्करों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई


तीन आरोपी गिरफ्तार, दो लग्जरी गाड़ियां और 20 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त

रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस ने अवैध शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तस्करी के लिए उपयोग की जा रही दो लग्जरी गाड़ियां — क्रेटा और स्विफ्ट डिजायर — को जब्त किया गया है। पुलिस ने कुल 20 पेटी (240 बोतल) अंग्रेजी शराब बरामद की है, जिसकी कीमत लगभग 17 लाख रुपये आंकी गई है।

इस संयुक्त कार्रवाई को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और आमानाका थाना पुलिस ने अंजाम दिया। पुलिस को सूचना मिली थी कि मध्यप्रदेश से अवैध रूप से अंग्रेजी शराब रायपुर लाई जा रही है। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चंदनिडीह ओवरब्रिज के पास संदिग्ध वाहनों का पीछा कर तीन आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में भावेश पांडेय, सुजीत तिवारी और दीपेश भंसाली शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, एक वाहन तस्करी में पायलटिंग कर रहा था, जबकि दूसरे वाहन में शराब का परिवहन किया जा रहा था। आरोपियों के पास से 5 मोबाइल फोन, दो गाड़ियां और बड़ी मात्रा में शराब बरामद की गई है।

फरार अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की दबिश जारी है।
इस पूरे प्रकरण में आमानाका थाना में आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

यह कार्रवाई रायपुर रेंज के IG अमरेश मिश्रा और SSP डॉ. उमेद सिंह के निर्देशन में की गई, जिसमें पुलिस की अलग-अलग इकाइयों के 25 से अधिक जवानों की अहम भूमिका रही।


error: Content is protected !!