डकईपारा, खैरी पटना और राजापारा रनई में आयोजित हुए कार्यक्रम, मताधिकार की रक्षा और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर कांग्रेस नेताओं ने की चर्चा
कोरिया। कांग्रेस के ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत बैकुंठपुर क्षेत्र में मंडल स्तरीय जन चौपाल संवाद कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इसके अंतर्गत डकईपारा, खैरी पटना और राजापारा रनई में ग्रामीणों के बीच पहुंचकर अभियान के उद्देश्यों और मताधिकार की रक्षा को लेकर संवाद किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष एवं जिला कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष अशोक जायसवाल ने ग्रामीणों के सामने अपनी बात रखी। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा के महत्व पर चर्चा की। इस दौरान ग्रामीणों को अभियान के पैम्फलेट वितरित किए गए और कांग्रेस नेताओं ने कथित वोट चोरी के मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
जन चौपाल में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बिहारी लाल राजवाड़े, प्रभारी दीपक गुप्ता, मंडल अध्यक्ष संतोष सूर्यवंशी, मंडल अध्यक्ष आस्तिक शुक्ला उर्फ लड्डू, जनपद सदस्य राजू साहू और प्रभारी रामकुमार यादव सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी भाग लिया।
