रायपुर |
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर की मुश्किलें अब और बढ़ सकती हैं। आठ दिन की CBI कस्टोडियल रिमांड पूरी होने के बाद रायपुर की स्पेशल CBI कोर्ट ने सौरभ चंद्राकर को 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में उससे पूछताछ की तैयारी में है।
CBI कोर्ट से ED का आवेदन खारिज होने के बाद जांच एजेंसी ने PMLA स्पेशल कोर्ट का रुख किया। ED की ओर से दाखिल आवेदन को कोर्ट ने स्वीकार कर लिया है। इसके बाद सौरभ चंद्राकर को प्रोडक्शन वारंट के जरिए रायपुर सेंट्रल जेल से ED की विशेष अदालत में पेश किए जाने का रास्ता खुल गया है।
जानकारी के मुताबिक, कल पुलिस की टीम सौरभ चंद्राकर को जेल से निकालकर ED स्पेशल कोर्ट में पेश करेगी। अदालत में पेशी के बाद ED उसे कस्टोडियल रिमांड पर लेने की मांग करेगी। यदि कोर्ट से अनुमति मिलती है, तो ED सौरभ चंद्राकर से कथित मनी लॉन्ड्रिंग, सट्टा नेटवर्क के वित्तीय लेनदेन और विदेशों में भेजी गई रकम को लेकर पूछताछ कर सकती है।
इस पूरे मामले में अब तक CBI सट्टा ऐप के संचालन, नेटवर्क और कथित आर्थिक लेनदेन की जांच कर रही है, जबकि ED का फोकस मनी लॉन्ड्रिंग के पहलू पर है। ऐसे में सौरभ चंद्राकर की ED कोर्ट में पेशी महादेव ऐप मामले की जांच के लिहाज से अहम मानी जा रही है।
अब सभी की नजर कल होने वाली कोर्ट की सुनवाई पर है।
