माता सीता के योद्धा रूप में चित्रण और रावण के महिमामंडन पर जताई आपत्ति, CBFC और सूचना-प्रसारण मंत्रालय से भी की शिकायत
रायपुर। फिल्म ‘रामायण: भाग एक’ को लेकर अब कानूनी विवाद खड़ा हो गया है। रायपुर के अधिवक्ता मनोज सिंह ठाकुर ने फिल्म के कथित विवादित दृश्यों और संवादों को लेकर निर्माताओं, निर्देशक, लेखकों, केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को 15 दिनों का लीगल नोटिस भेजा है। इसके साथ ही उन्होंने भारत सरकार के केंद्रीय लोक शिकायत निवारण पोर्टल (CPGRAMS) पर भी आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है।
अधिवक्ता मनोज सिंह ठाकुर के मुताबिक, फिल्म को महर्षि वाल्मीकि की रामायण पर आधारित बताया गया है, लेकिन इसमें कथित तौर पर मूल धर्मग्रंथ की भावना और पात्रों की मर्यादा के विपरीत चित्रण किया गया है। उनकी प्रमुख आपत्तियों में माता सीता को युद्ध करते हुए योद्धा के रूप में दिखाना, रावण का महिमामंडन और देवी-देवताओं का कथित अनुचित चित्रण शामिल है। उनका कहना है कि ऐसे दृश्यों से सनातन धर्मावलंबियों की धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं।
ठाकुर ने फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा और यश, निर्देशक नितेश तिवारी तथा लेखकों श्रीधर राघवन और श्रेयस जैन सहित संबंधित संस्थाओं को ईमेल के माध्यम से नोटिस भेजा है। उन्होंने CPGRAMS पोर्टल पर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और CBFC के समक्ष शिकायत भी दर्ज कराई है, जिसका पंजीयन क्रमांक MOIAB/E/2026/0002688 है।
लीगल नोटिस में सिनेमैटोग्राफ अधिनियम, 1952 और भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की विभिन्न धाराओं का उल्लेख करते हुए 15 दिनों के भीतर कथित विवादित दृश्यों और संवादों को हटाने तथा सार्वजनिक रूप से क्षमायाचना करने की मांग की गई है।
अधिवक्ता ने चेतावनी दी है कि निर्धारित अवधि में मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर सक्षम न्यायालय में आपराधिक परिवाद, उच्च न्यायालय में जनहित याचिका (PIL) और पुलिस प्रशासन के समक्ष कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल यह मामला अधिवक्ता की ओर से उठाई गई आपत्तियों और दर्ज शिकायतों के स्तर पर है। फिल्म निर्माताओं तथा संबंधित संस्थाओं का पक्ष सामने आने के बाद विवाद की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
