Advertisement Carousel

कंटेनर वाहन से ₹94.08 लाख की अवैध शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

रायगढ़। नगरीय निकाय चुनाव की मतगणना और आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने निगरानी तेज कर दी है। इसी कड़ी में थाना खरसिया प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव और उनकी टीम ने नेशनल हाईवे-49 पर चोढा चौक के पास वाहनों की सघन जांच के दौरान एक कंटेनर वाहन से ₹94.08 लाख की अवैध शराब जब्त की है।

भागने की कोशिश, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी से धराए तस्कर

जानकारी के अनुसार, पुलिस ने जब NH-49 पर जांच के दौरान सक्ती की ओर से आ रहे कंटेनर (UP 78 DN 3531) को रोकने का संकेत दिया, तो चालक ने वाहन की दिशा बदलकर तेजी से छाल की ओर भगाने की कोशिश की। पुलिस की टीम ने तुरंत पीछा किया, जिससे घबराकर चालक ने ग्राम देहजरी स्थित बिल्लू पेट्रोल पंप के आगे वाहन सड़क किनारे उतारकर दुर्घटनाग्रस्त कर दिया।

मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन की जांच की। कंटेनर के पिछले दरवाजे खुले थे, जिनमें भारी मात्रा में शराब भरी हुई थी। वाहन में मौजूद दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया, जिनकी पहचान मोहम्मद अजीम (28) निवासी फत्तेपुर खास, थाना मैनाडेर, जिला मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) और सुमित चौधरी (30) निवासी जटपुरा, थाना मैनाडेर, जिला मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। पूछताछ में वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, जिसके बाद पुलिस ने विधिवत तलाशी ली।

11,760 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद

पुलिस जांच में कंटेनर से 833 कार्टन में 9,996 बोतलें और 1,764 बोतलें खुले कार्टनों में, कुल 11,760 बोतल अवैध अंग्रेजी व्हिस्की (Royal Gold Cup) बरामद की गई। इनकी कुल मात्रा 8,820 बल्क लीटर और बाजार कीमत ₹94,08,000 आंकी गई है। इसके साथ ही, तस्करी में इस्तेमाल किया गया कंटेनर वाहन भी जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत ₹30 लाख है। इस तरह, पुलिस ने कुल ₹1.24 करोड़ की संपत्ति जब्त की है।

आरोपियों पर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना खरसिया में अपराध क्रमांक 93/2025 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज कर उन्हें रिमांड पर भेज दिया है।

एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल ने बताया कि जिले में अवैध शराब तस्करी पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। आगामी चुनावों को देखते हुए पुलिस और आबकारी विभाग की टीमें सक्रिय हैं, ताकि किसी भी अवैध गतिविधि को रोका जा सके।


error: Content is protected !!