Advertisement Carousel

असामाजिक तत्वों ने 108 एम्बुलेंस में लगाई आग, जलकर हुई खाक


लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में खड़ी थी खराब हालत में एम्बुलेंस

लखनपुर। अंबिकापुर के लखनपुर थाना क्षेत्र स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में खड़ी एक 108 एम्बुलेंस को असामाजिक तत्वों ने आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते एम्बुलेंस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उक्त एम्बुलेंस लंबे समय से खराब हालत में अस्पताल परिसर में खड़ी थी। बीती रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने इसमें आग लगा दी, जिससे पूरा वाहन जलकर राख हो गया। आग लगने की सूचना मिलते ही लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

पुलिस कर रही जांच
लखनपुर थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक छानबीन शुरू कर दी गई है। पुलिस इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आगजनी के पीछे कौन लोग शामिल हैं और उनके मंशा क्या थी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल परिसर में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं, जिससे असामाजिक तत्व यहां आसानी से घुसपैठ कर सकते हैं। इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

स्थानीय प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है।

error: Content is protected !!