गढ़चिरौली। छत्तीसगढ़ की सीमा से लगे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में पुलिस और सुरक्षा बलों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सुरक्षाबलों ने घेराबंदी कर दो इनामी नक्सलियों को गिरफ्तार किया है, जिन पर कुल 8 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
गिरफ्तार नक्सलियों की पहचान केलु पांडू मडकाम उर्फ दोलवा (26 वर्ष) और रमा दोहे कोरचा उर्फ डुममी (32 वर्ष) के रूप में हुई है। ये दोनों नक्सली महाराष्ट्र पुलिस की विशेष नक्सल विरोधी इकाई सी-60 कमांडो की हत्या सहित कई हिंसक वारदातों में शामिल थे।
जंगल में घेराबंदी कर पकड़ा गया
सुरक्षा बलों ने गुप्त सूचना के आधार पर भामरागढ़ क्षेत्र के आरेवाड़ा जंगल परिसर में अभियान चलाया। जवानों ने इलाके की घेराबंदी कर दोनों नक्सलियों को गिरफ्तार किया।
नक्सल गतिविधियों को झटका
गढ़चिरौली और उससे सटे दंतेवाड़ा जैसे इलाकों में नक्सली गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए सुरक्षाबल लगातार अभियान चला रहे हैं। इन गिरफ्तारियों से नक्सली संगठनों को करारा झटका लगा है और सुरक्षा बलों का मनोबल बढ़ा है।
