जगन के नाम से जारी प्रेस रिलीज में बताया गया फैसला, तेलंगाना-छत्तीसगढ़ सीमा पर तलाशी अभियान के बीच आया ऐलान
दंतेवाड़ा।
छत्तीसगढ़ और तेलंगाना की सीमा पर स्थित कर्रेगुट्टा इलाके में सुरक्षा बलों द्वारा चलाए जा रहे तलाशी अभियान के बीच माओवादी पार्टी ने गुरुवार शाम एक सनसनीखेज घोषणा की है। माओवादी नेता ‘जगन’ के नाम से जारी एक प्रेस रिलीज में संगठन ने छह महीने के लिए युद्धविराम की घोषणा की है।
पत्र में कहा गया है कि तेलंगाना राज्य में जनता, लोकतंत्रवादियों, जन संगठनों और प्रमुख राजनीतिक दलों की ओर से माओवादी पार्टी और सरकार के बीच शांति वार्ता की लगातार मांग उठ रही है। इसे ध्यान में रखते हुए माओवादियों ने यह निर्णय लिया है कि वे आगामी छह महीने तक किसी भी प्रकार की हिंसात्मक गतिविधियों से दूरी बनाए रखेंगे।
इस घोषणा को क्षेत्र में शांति की दिशा में एक बड़ी पहल माना जा रहा है। हालांकि, सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इस निर्णय को सतर्क निगरानी के साथ लेना होगा, क्योंकि माओवादी पहले भी समय-समय पर रणनीतिक युद्धविराम का उपयोग कर चुके हैं।
गौरतलब है कि बीते कुछ महीनों से माओवादी गतिविधियों में तेजी देखी गई थी, वहीं सुरक्षा बलों ने भी अपनी कार्रवाई को तेज कर दिया था। कर्रेगुट्टा क्षेत्र में तलाशी अभियान के दौरान कई मुठभेड़ों और हथियार बरामदगी की घटनाएं सामने आई हैं।
अब देखना होगा कि यह युद्धविराम वास्तव में शांति की दिशा में उठाया गया कदम है या फिर यह माओवादियों की एक रणनीतिक चाल।
