गरियाबंद के छुरा जंगल में दो तेंदुओं की संदिग्ध मौत, इलाके में सनसनी

गरियाबंद: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद ज़िले के छुरा ब्लॉक के भरवामुड़ा गांव के जंगल में दो तेंदुओं की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई है। स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तेंदुए के शव जंगल में दो-तीन दिन पहले देखे गए थे, लेकिन अब वे शव गायब हैं। केवल अलग-अलग स्थानों पर तेंदुओं के अवशेष—जैसे हड्डियां और त्वचा के टुकड़े—मिले हैं। इससे मामले की गंभीरता और जांच की जटिलता बढ़ गई है।

रेंजर धीरेंद्र साहू ने पुष्टि की है कि अभी तक कोई भी पूरा शव बरामद नहीं हुआ है। अवशेष कई मीटर के दायरे में फैले हुए हैं। डीएफओ लक्ष्मण सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायज़ा लिया।

वन विभाग को आशंका है कि शवों को लकड़बग्घा या अन्य शिकारी जानवर पहाड़ी की ओर खींच कर ले गए होंगे। लेकिन सवाल यह है कि यदि तेंदुओं की मृत्यु प्राकृतिक कारणों से हुई, तो उनके शरीर के अंग क्यों गायब हैं?

वन विभाग फिलहाल यह स्पष्ट नहीं कर पाया है कि मृत तेंदुए एक हैं या दो। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. केपी शर्मा ने बताया कि तेंदुओं की संख्या और मृत्यु का सही कारण DNA जांच के बाद ही सामने आ सकेगा।

error: Content is protected !!