Advertisement Carousel

मालवाहक वाहनों में सवारी ले जाने पर रोक, रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई



100 वाहन चालकों पर हुई सख्त कार्यवाही, सड़क सुरक्षा को लेकर चलाया जा रहा जागरूकता अभियान

रायपुर (छत्तीसगढ़), 14 मई। रायपुर जिले में सड़क हादसों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए रायपुर पुलिस ने मालवाहक वाहनों में सवारी परिवहन पर सख्ती बरतते हुए एक बड़ा सड़क सुरक्षा अभियान चलाया। खमतराई व खरोरा थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान के तहत 100 से अधिक वाहन चालकों के विरुद्ध कार्यवाही की गई।

दरअसल, बीते दिनों खरोरा थाना क्षेत्र के ग्राम बंगोली में एक मालवाहक वाहन में सवार यात्रियों के साथ हुए दर्दनाक हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 14 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसी घटना को ध्यान में रखते हुए रायपुर पुलिस ने मालवाहक वाहनों में सवारी ढोने पर पूर्ण रोक लगाने की दिशा में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम शुरू किया है।

खमतराई में चला सड़क सुरक्षा अभियान
थाना खमतराई में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 1,000 मालवाहक वाहन चालकों को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने यातायात नियमों के उल्लंघन से होने वाले खतरों से अवगत कराया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक पूर्णिमा लाम्बा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

खरोरा में पहला सड़क सुरक्षा सम्मेलन
खरोरा थाना परिसर में आयोजित प्रथम सड़क सुरक्षा सम्मेलन में भी बड़ी संख्या में वाहन मालिक एवं चालक शामिल हुए। सम्मेलन को संबोधित करते हुए एएसपी ग्रामीण कीर्तन राठौर व डीएसपी गुरजीत सिंह ने यातायात कानूनों की जानकारी देते हुए भविष्य में उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।

कार्यक्रम के दौरान सड़क दुर्घटना में घायलों की जान बचाने वाले 7 स्थानीय नागरिकों को “गुड सेमेरिटन” सम्मान प्रदान किया गया।


खरोरा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, मीडिया, ग्रामीणों और वाहन चालकों की उपस्थिति में सभी ने यातायात नियमों का पालन करने की शपथ ली। आम लोगों ने रायपुर पुलिस की इस पहल को सराहनीय बताया।


error: Content is protected !!