रायपुर। पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा के निर्देश एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के मार्गदर्शन में रायपुर पुलिस ने शहरभर के 80 से अधिक स्पा सेंटरों पर एक साथ सरप्राइज़ दबिश दी। यह कार्रवाई रायपुर शहर के चारों दिशाओं में एक साथ की गई, जिसमें सभी जोन के CSP स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में चार विशेष टीमें बनाई गई थीं।

इस दौरान स्पा सेंटरों में कार्यरत युवतियों, विशेषकर छत्तीसगढ़ से बाहर की निवासी लड़कियों के दस्तावेज, पहचान पत्र व निवास की जानकारी लेकर पूछताछ की गई। कई स्थानों पर आपत्तिजनक सामग्री भी पाई गई, जिसके आधार पर कुछ संचालकों को हिरासत में लिया गया है।
कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) लखन पटले, (ग्रामीण) कीर्तन राठौर, (पश्चिम) दौलत राम पोर्ते, (आईसीयूडब्ल्यू) ममता देवांगन, सीएसपी आजाद चौक अमन झा, सीएसपी सिविल लाइन अजय कुमार, सीएसपी नवा रायपुर करन कुमार उके, सीएसपी पुरानी बस्ती राजेश देवांगन, डीएसपी रूचि वर्मा सहित सभी थाना प्रभारियों व करीब 200 महिला एवं पुरुष पुलिस बल की भागीदारी रही।
अधिकारियों के अनुसार, स्पा सेंटरों की कार्यप्रणाली, अनुमति-पत्र और वहां काम करने वालों की पृष्ठभूमि की जांच जारी है। दस्तावेजों का सूक्ष्म विश्लेषण कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
