Advertisement Carousel

नक्सल मोर्चे पर सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी, जंगल से भारी मात्रा में राशन सामग्री बरामद



संयुक्त बलों की कार्रवाई, तोरेंगा जंगल में नक्सलियों की हलचल, मौके से भागे उग्रवादी

गरियाबंद।
जिले में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिला बल E-30 और कोबरा 207वीं वाहिनी की संयुक्त टीम ने तोरेंगा के जंगलों में सर्चिंग अभियान के दौरान भारी मात्रा में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई राशन सामग्री बरामद की है

जानकारी के अनुसार, जवान जब सर्चिंग पर निकले तो तोरेंगा के घने जंगलों में उनकी मौजूदगी देखकर नक्सली मौके से फरार हो गए। मौके पर बड़ी मात्रा में चावल, दाल, तेल, नमक, मिर्च, बिस्किट और अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुएं छिपाकर रखी गई थीं।

सूत्रों के अनुसार, यह क्षेत्र इंदागांव एरिया के अंतर्गत आता है, जहां लंबे समय से नक्सलियों की सक्रियता की सूचनाएं मिल रही थीं। संयुक्त बलों की इस कार्रवाई ने एक बार फिर नक्सलियों के तंत्र को कमजोर करने का काम किया है।

पुलिस ने आत्मसमर्पण की अपील की
गरियाबंद पुलिस ने नक्सलियों से आत्मसमर्पण की अपील करते हुए हेल्पलाइन नंबर 94792-27805 जारी किया है। पुलिस का कहना है कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को राज्य शासन की पुनर्वास नीति के तहत सभी आवश्यक सहायता और सुरक्षा प्रदान की जाएगी।

लगातार हो रहे अभियान से नक्सली बौखलाए
सुरक्षा बलों द्वारा चलाए जा रहे सघन सर्चिंग और दबाव अभियान के कारण नक्सलियों की गतिविधियों में लगातार गिरावट देखी जा रही है। बीते कुछ महीनों में जिले में कई बड़े ठिकानों का भंडाफोड़ हो चुका है, जिससे नक्सल नेटवर्क को भारी नुकसान पहुंचा है।


error: Content is protected !!