Advertisement Carousel

स्वास्थ्य मंत्री ने कांकेर के अस्पतालों का किया औचक निरीक्षण, मरीजों से की मुलाकात


कांकेर, 10 जून 2025।
प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मंगलवार को कांकेर प्रवास के दौरान एमसीएच अलबेलापारा और शासकीय कोमलदेव अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने मरीजों से संवाद कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

एमसीएच अस्पताल में फार्मेसी की समीक्षा करते हुए मंत्री ने जेनेरिक दवाओं की उपलब्धता और वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ‘नेक्स्ट जेन’ सॉफ्टवेयर के माध्यम से मरीजों के पंजीयन और मेडिकल रिकॉर्ड की प्रक्रिया को भी परखा। उन्होंने एमबीबीएस अंतिम वर्ष के छात्रों से चर्चा कर ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में सेवा देने का आग्रह किया। छात्र राहुल शर्मा की छात्रावास में पेयजल समस्या की शिकायत पर मंत्री ने तत्काल बोर खनन के आदेश कलेक्टर को दिए।

बाल चिकित्सा कक्ष में मधुमेह से पीड़ित 13 वर्षीय ईश्वर लाल मरकाम और थैलेसीमिया ग्रस्त हिमांशु मरकाम के उपचार व रक्त की नियमित आपूर्ति को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। वहीं राज्जो बाई कवाची से मिलकर मंत्री ने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

कोमलदेव अस्पताल में सुविधाओं के विस्तार के निर्देश

शासकीय कोमलदेव अस्पताल में मंत्री जायसवाल ने एमआरआई कक्ष, कंसोल रूम और डायलिसिस यूनिट का निरीक्षण किया। डायलिसिस कक्ष में एयर कंडीशनर सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। जनरल वार्ड में 86 वर्षीय मरीज बृजलाल साहू से मिलने पर उन्होंने आयुष्मान योजना से नि:शुल्क इलाज की सराहना की। एक अन्य महिला मरीज श्रीमती रामबती निषाद को उत्साहवर्धन करते हुए मंत्री ने कहा, “ठीक हो जाबे दाई, तय चिंता झन कर।”

मंत्री ने दोनों अस्पतालों में बेहतर चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित करने तथा सभी सुधार कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर चिकित्सा शिक्षा विभाग के सचिव अमित कुमार कटारिया, आयुक्त श्रीमती शिखा राजपूत तिवारी, सांसद भोजराज नाग, कांकेर विधायक आशाराम नेताम सहित जनप्रतिनिधि और अस्पताल स्टाफ उपस्थित रहे।


error: Content is protected !!