19.71 करोड़ की राशि 38 हजार से अधिक निर्माण श्रमिकों के खातों में सीधे अंतरित होगी
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा राज्य के निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए लगातार विभिन्न योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। इसी कड़ी में 15 जून को रायपुर स्थित न्यू सर्किट हाउस में आयोजित विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के 31 मेधावी बच्चों को दो-दो लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान करेंगे। इस कार्यक्रम में श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन एवं छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. राम प्रताप सिंह भी मौजूद रहेंगे।
श्रम मंत्री श्री देवांगन ने बताया कि मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के तहत छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षाओं में 10वीं कक्षा के 26 और 12वीं कक्षा के 5 मेधावी विद्यार्थियों को यह सहायता दी जा रही है। प्रत्येक विद्यार्थी को दो लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी, जिसमें एक लाख रुपये दोपहिया वाहन के लिए और एक लाख रुपये नकद प्रोत्साहन के रूप में दिए जाएंगे।
38 हजार से अधिक श्रमिकों को डीबीटी से मिलेगी सहायता राशि
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत 38,200 पंजीकृत श्रमिकों को कुल 19.71 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से अंतरित की जाएगी। इन योजनाओं का विस्तृत विवरण इस प्रकार है:
| योजना का नाम | लाभार्थियों की संख्या | सहायता राशि |
|---|---|---|
| मिनीमाता महतारी जतन योजना | 1,915 | ₹3.83 करोड़ |
| मुख्यमंत्री सायकल सहायता योजना | 279 | ₹10.33 लाख |
| मुख्यमंत्री श्रमिक औजार सहायता योजना | 6,319 | ₹2.19 करोड़ |
| मुख्यमंत्री सिलाई मशीन सहायता योजना | 12 | ₹94,800 |
| मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना | 4,825 | ₹96.17 लाख |
| मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना | 155 | ₹37.63 लाख |
| मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक दीर्घायु सहायता योजना | 2 | ₹40 हजार |
| मुख्यमंत्री निर्माण मजदूर सुरक्षा उपकरण सहायता योजना | 4,939 | ₹74.08 लाख |
| निर्माण श्रमिकों के बच्चों हेतु उत्कृष्ट खेल प्रोत्साहन योजना | 1 | ₹50 हजार |
| दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना | 7 | ₹7 लाख |
| मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना | 264 | ₹2.64 करोड़ |
| मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना | 2,486 | ₹4.97 करोड़ |
| मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना | 372 | ₹74.40 लाख |
| निर्माण श्रमिकों के बच्चों हेतु गणवेश एवं पुस्तक-कॉपी सहायता योजना | 15,066 | ₹2 करोड़ |
| मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक आवास सहायता योजना | 25 | ₹25 लाख |
श्रम मंत्री ने बताया कि ये योजनाएं राज्य के निर्माण श्रमिकों एवं उनके परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान कर उनके जीवन स्तर में सुधार लाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। सरकार का उद्देश्य श्रमिक परिवारों के बच्चों को शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक संबल देकर उन्हें सशक्त बनाना है।
