Advertisement Carousel

छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड एक्शन मोड में, बिलासपुर के 42 किरायेदारों पर बड़ी कार्रवाई

रायपुर
छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड अब एक्शन मोड में आ गया है। बोर्ड ने बिलासपुर जिले की वक्फ संपत्तियों पर वर्षों से बकाया किराया नहीं चुकाने वाले 42 किरायेदारों पर कड़ा रुख अपनाया है। चाटापारा इलाके में स्थित इन संपत्तियों पर नियमों के तहत अब नया किराया तय कर सभी किरायेदारों से नए सिरे से एग्रीमेंट करवाया गया है।

वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने खुद बैठक लेकर सभी किरायेदारों को निर्देशित किया कि वे पुराने बकाया किराए को चार किस्तों में जमा करें। साथ ही, अब सभी को सरकारी गाइडलाइन के अनुसार तय नए किराया दर पर भुगतान करना होगा।

डॉ. सलीम राज ने बताया कि “बिलासपुर जिले में वक्फ की करोड़ों की संपत्तियां हैं, लेकिन किराया बहुत ही नाममात्र मिल रहा था। पहले महीने की आमदनी सिर्फ 23,000 रुपये थी, जो इस फैसले के बाद बढ़कर 5 लाख 40 हजार रुपये प्रति माह हो जाएगी।”

उन्होंने कहा, “नया वक्फ बिल मुसलमानों की तरक्की का बिल है। इससे गरीब मुसलमानों को शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सहायता के लिए फंड उपलब्ध कराया जा सकेगा।”

वक्फ बोर्ड की इस कार्यवाही से अन्य जिलों के किरायेदारों में भी हलचल मच गई है। उम्मीद है कि आने वाले समय में अन्य जिलों में भी ऐसी ही कार्रवाई देखने को मिलेगी।

error: Content is protected !!