रायपुर, 26 जून 2025 – रायपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए शहर के विभिन्न इलाकों में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की 20 से अधिक टीमों ने एक साथ करीब 200 ठेले-गुमटियों और सड़क किनारे दुकानों की तलाशी ली। इस दौरान 2600 नग गोगो पेपर, 400 रोल पेपर, 550 चिलम, प्रतिबंधित हुक्का फ्लेवर के 10 पैकेट, 25 अन्य हुक्का सामग्री, 4 पैकेट प्रतिबंधित सिगरेट, 4 नग सिगार और 200 पाउच प्रतिबंधित गुटखा जब्त किया गया।
पुलिस ने मौके पर ही गुटखा, गोगो पेपर और चिलम को संचालकों से जलवाकर नष्ट कराया। प्रतिबंधित सामग्री बेचने वाले 11 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, कोटपा एक्ट के तहत भी केस दर्ज किया गया है।
इस विशेष अभियान का नेतृत्व पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (क्राइम) संदीप मित्तल, उप पुलिस अधीक्षक (क्राइम) संजय सिंह और निरीक्षक परेश कुमार पांडे की टीम ने किया।
डीलर के गोदाम में छापा, 6000 गोगो पेपर जब्त
क्राइम ब्रांच ने शंकर नगर स्थित के.के. ट्रेडर्स नामक डिस्ट्रीब्यूटर के गोदाम में भी छापा मारकर 6000 नग गोगो पेपर जब्त किया है। यहां भी संचालक और अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।
इन इलाकों में हुई कार्रवाई
राजेन्द्र नगर, तेलीबांधा, पुरानी बस्ती, टिकरापारा, सिविल लाइन, माना, गुढ़ियारी, उरला, देवेंद्र नगर, पंडरी, खम्हारडीह, खमतराई, आजाद चौक और सरस्वती नगर समेत शहर के 50 से अधिक इलाकों में यह कार्रवाई की गई।